सेल प्रबंधन ने यूनियन से की वार्ता
झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार की अगुवाई में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने गुवा सेल प्रबंधन के साथ विभिन्न मजदूर हितों पर चर्चा की। बैठक में आउटसोर्सिंग से जुड़ी समस्याएं, जर्जर गेस्ट हाउस सुविधाओं की मरम्मत, न्यूनतम मजदूरी का भुगतान, और ठेकेदारों द्वारा रिट्रेंचमेंट की समस्याएं उठाई गई। प्रबंधन ने सभी मुद्दों का समाधान करने का आश्वासन दिया।

गुवा, संवाददाता। झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार के नेतृत्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने गुवा सेल प्रबंधन के साथ मजदूर हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में यूनियन की ओर से प्रकाश राउत, कपिलेश्वर डोंगो, सोमा कुमार महतो, राजकुमार बोसा, धिरू साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आउटसोर्सिंग (टेंडर) के तहत संचालित छोटी गाड़ियों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने बताया कि इस संबंध में लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। इस पर सेल प्रबंधन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। राउरकेला में इलाज के लिए जाने वाले मजदूरों के ठहरने हेतु उपलब्ध गेस्ट हाउस की जर्जर सुविधाओं की मरम्मत का मुद्दा भी उठाया गया।
प्रबंधन ने गेस्ट हाउस में आवश्यक मरम्मत एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिया। वहीं, कोलकाता स्थित रूबी हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस में सप्लाई मजदूरों के ठहरने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी प्रबंधन ने दी। यूनियन ने बताया कि कई मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी से भी कम भुगतान मिलने की शिकायत प्रबंधन के समक्ष रखी गई। इस पर भी शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक में ठेकेदारों द्वारा रिट्रेंचमेंट (फाइनल सेटलमेंट) की राशि समय पर भुगतान नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। सेल प्रबंधन ने कहा कि संबंधित ठेकेदारों के साथ जल्द बैठक कर मामले की समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


