जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों को डीसी ने किया सम्मानित
लातेहार में तीसरी झारखंड स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। डीसी संदीप कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया जिन्होंने दो स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। विवेक उरांव का चयन वर्ल्ड स्कूल कैंप में हुआ है, जिसमें वह ब्राज़ील में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

लातेहार, प्रतिनिधि। तीसरी झारखंड स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से शुक्रवार को डीसी संदीप कुमार ने मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उत्साहवर्धन किया। चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य समेत कुल आठ पदक जीते। जयदीप उरांव ने हेप्टाथलॉन और मोहित कुमार ने पांच किमी रेस वॉकिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं विवेक उरांव ने लॉन्ग जंप व ट्रिपल जंप, अनित उरांव ने 100 मीटर दौड़, आशीष साहू ने हाई जंप, प्रिंस तिर्की ने लॉन्ग जंप व हेप्टाथलॉन तथा हरेन कुमार महतो ने 5000 मीटर रेस वॉकिंग में रजत पदक जीता।
प्रिंस तिर्की ने हेप्टाथलॉन में कांस्य पदक भी हासिल किया। उल्लेखनीय है कि अंडर-18 आयु वर्ग में जिले की टीम ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब भी अपने नाम किया। वहीं विवेक उरांव का चयन वर्ष 2026 के वर्ल्ड स्कूल (एसजीएफआई) कैंप के लिए हुआ है। कैंप के बाद तीन से आठ दिसंबर तक ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में होने वाली प्रतियोगिता में वह हिस्सा लेंगे। डीसी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। मौके पर उप निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना कुमार आशीष और जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी मौजूद थे।


