राज्य जूनियर एथलेटिक्स में जिले के खिलाड़ियों ने जीते सात पदक
सरायकेला में तीसरी झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन कर 7 पदक जीते। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी व्यक्त की, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर किया।

सरायकेला। तीसरी झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के एथलीटों ने प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिले के खिलाड़ियों ने जबरदस्त दमखम दिखाते हुए जिला की झोली में 7 पदक डाल दिए और पूरे राज्य में जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने खेल व्यवस्था और प्रशासन को आईना भी दिखाया। उन्होंने बताया कि जिले में खिलाड़ियों के लिए न तो कोई डे-बोर्डिंग सेंटर है, न ही कोई आवासीय खेल सेंटर और न ही दौड़ने के लिए आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक उपलब्ध है।
इन बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी के बावजूद जिले के एथलीटों ने जो प्रदर्शन किया है वह किसी चमत्कार से कम नहीं है।अंडर-20 बालक, 400 मी दौड़ में स्वर्ण पदक, 200 मी. में रजत पदक, वहीं 400 मी. हार्डल में मिलन सोय ने कांस्य पदक जीता, हैमर थ्रो में रजत पदक जीता, अंडर -20-बालिका वर्ग में 5,000 मी. रेस वॉक में जससना सिंह सरदार ने रजत पदक जीती। राधा कुमारी ने 100 मी. में कांस्य पदक, अंडर 18-बालक -5,000 मी. रेस वॉक में सुचांद महतो ने कांस्य पदक जीता है।


