दुर्गा पूजा में बिजली सुरक्षा को लेकर गाइडलाइन जारी
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने दुर्गा पूजा के दौरान इलेक्ट्रिकल दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पूजा समितियों के लिए सुरक्षा गाइडलाइन जारी की है। पंडाल निर्माण, विद्युत कनेक्शन, और सजावट में सावधानी रखने की अपील की गई है। सभी को सुरक्षा मानकों का पालन करने और वैध कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।

मेदिनीनगर। दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के मेदिनीनगर विद्युत प्रमंडल ने पूजा समितियों के लिए बिजली सुरक्षा संबंधी गाइडलाइन जारी की है।
गाइडलाइन की जानकारी
विभाग ने पंडाल निर्माण, विद्युत कनेक्शन, सजावट और रोशनी की व्यवस्था में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि पूजा पंडालों के निर्माण के दौरान बिजली के तार और ट्रांसफार्मर से पर्याप्त दूरी रखना जरूरी है। पंडाल, सजावट अथवा अन्य संरचना इस तरह तैयार नहीं की जाए, जिससे वह बिजली के तारों या विद्युत उपकरणों के संपर्क में आ सके।
सुरक्षा मानकों का पालन
उन्होंने पंडालों में रोशनी और विद्युत सजावट के दौरान भी सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा। पूजा समितियों को केवल वैध विद्युत कनेक्शन लेने तथा विद्युत कनेक्शन का कार्य प्रशिक्षित व्यक्ति से कराने का निर्देश दिया है। कटे, क्षतिग्रस्त अथवा खुले बिजली के तारों का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। तारों और विद्युत उपकरणों को सुरक्षित तरीके से लगाने की हिदायत दी गई है। पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से विद्युत सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि पूजा के दौरान करंट लगने अथवा अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।


