खतरों का पहले से करें आकलन, कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाएं
आपदा प्रबंधन प्रभाग ने सभी जिला उपायुक्तों को दिशा-निर्देश जारी किए, सुरक्षित विसर्जन स्थल चिह्नित कर उन्हें नामित एवं अधिसूचित किया जाए

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। दुर्गा पूजा की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान नदी, झरना, तालाब, झील और अन्य जलस्रोतों के आसपास श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जुटती है। हाल के दिनों में विभिन्न पूजा-अनुष्ठानों के दौरान जलाशयों में हादसे हुए हैं। इसे देखते हुए डूबने जैसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आपदा प्रबंधन प्रभाग ने सभी जिला उपायुक्तों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर सुरक्षित विसर्जन स्थल चिह्नित कर उन्हें नामित एवं अधिसूचित किया जाए, जबकि असुरक्षित स्थानों पर विसर्जन प्रतिबंधित करें। जल की गहराई, धाराओं, फिसलन वाली सतहों तथा अन्य संभावित खतरों का पहले से आकलन किया जाएगा। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश-व्यवस्था, चेतावनी संकेतक तथा सुरक्षित प्रवेश-निकास की व्यवस्था की जाएगी। जहां संभव होगा, वहां प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रवेश कम करने के लिए अस्थायी या कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।
जलस्रोतों पर सुरक्षा के निर्देश
जल सुरक्षा एवं डूबने से बचाव की व्यवस्था हो
आदेश में कहा गया है कि प्रमुख जलाशयों पर प्रशिक्षित लाइफगार्ड, गोताखोर और जल बचाव कर्मियों की तैनाती की जाए। लाइफ जैकेट, लाइफबॉय, बचाव रस्सियां, नावें तथा अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहें। श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और तैरना न जानने वालों को गहरे या तेज बहाव वाले पानी में जाने से रोकने की व्यवस्था की जाए। जहां संभव हो, विसर्जन के लिए निर्धारित प्लेटफॉर्म या रैंप का उपयोग कराया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिला प्रशासनों ने अपने-अपने जिले में श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन करें, प्रशासन एवं सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और बच्चों को पानी के पास अकेला न छोड़ें। भीड़ वाले स्थानों पर धैर्य और अनुशासन बनाए रखने का भी आग्रह किया गया है।
हाल में हुईं प्रमुख घटनाएं
हाल के दिनों में विभिन्न पूजा-अनुष्ठानों के दौरान जलाशयों में विसर्जन के समय कई हादसे हुए हैं, जिनमें कई लोगों की मृत्यु हुई है।
- बोकया (चैनपुर), पलामू, 23 सितंबर: करम डाली विसर्जन के दौरान आठ वर्षीय बालक को बचाने के लिए कूदे चार लोगों सहित पांच लोग कोयल नदी में डूब गए।
- नानी झरिया, पलामू, 23 सितंबर: करम डाली विसर्जन के दौरान एक किशोरी की डूबने से मृत्यु हो गई।
- खाटीन गांव (छतरपुर), पलामू, 3 अक्तूबर : जितिया पूजा की सामग्री का विसर्जन करने अपनी मां के साथ तालाब गए एक किशोर की डूबने से मृत्यु हो गई।
- जमशेदपुर, 3 अक्तूबर : जितिया के अनुष्ठान-स्नान के दौरान स्वर्णरेखा नदी के गहरे पानी में चली गई 13 वर्षीय किशोरी की डूबने से मृत्यु हो गई।


