जेएचआरसी ने शुरू किया सदस्यता अभियान, हजार सदस्य बनाएगा
झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) ने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए एक सदस्यता अभियान शुरू किया है। संगठन का लक्ष्य पहले चरण में एक माह के भीतर एक हजार नए सदस्य बनाना है। सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। जेएचआरसी ने 2006 से मानवाधिकारों के लिए काम किया है।

जमशेदपुर। मानवाधिकारों की रक्षा और अन्याय के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) ने सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। भुइयांडीह स्थित संगठन के पंजीकृत कार्यालय में केंद्रीय अध्यक्ष मनोज मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में पहले चरण में एक माह के भीतर एक हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया। अभियान के तहत महिलाओं, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।मनोज मिश्रा ने कहा कि जेएचआरसी वर्ष 2006 से झारखंड में मानवाधिकारों के लिए काम कर रहा है। संगठन ने जनहित याचिकाओं के माध्यम से कई जनहितकारी कानूनों के निर्माण और उनके क्रियान्वयन की दिशा में पहल की है।
साथ ही सैकड़ों मानवाधिकार मामलों को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंचाकर पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना संगठन का उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील की। बैठक में सालावत महतो, अभिजीत चंदा, रेणु सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।


