बर्खास्तगी झेलने वाले 46 पुलिसकर्मियों को मिलेगा बकाया वेतन और वित्तीय लाभ
झारखंड हाईकोर्ट ने 46 पुलिसकर्मियों को राहत देते हुए 'नो वर्क, नो पे' प्रावधान को अवैध करार दिया। कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि याचिकाकर्ताओं को 23 जून 2016 से 22 जनवरी 2021 तक का बकाया वेतन और अन्य लाभ आठ हफ्तों में प्रदान करे। यह मामला अनियमितता के आरोप के कारण बर्खास्तगी से जुड़ा है।

रांची, संवाददाता। झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य के 46 पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत दी है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने डिकेश कुमार और अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार के “नो वर्क, नो पे” प्रावधान को अवैध करार दिया और इसे आंशिक रूप से रद्द कर दिया। कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया है कि वह याचिकाकर्ताओं को 23 जून 2016 से 22 जनवरी 2021 तक की अवधि का बकाया वेतन, वार्षिक वेतनवृद्धि और अन्य परिणामी लाभ आठ सप्ताह के भीतर प्रदान करे। वर्ष 2015 में झारखंड आर्म्ड पुलिस, आईआरबी और सिसफ में कुक, बार्बर, वाटर कैरियर, स्वीपर व वॉशरमैन के पदों पर नियुक्त इन कर्मियों की सेवाएं 23 जून 2016 को चयन में अनियमितता के आरोप में समाप्त कर दी गई थी।
हाईकोर्ट ने 8 नवंबर 2019 को इस बर्खास्तगी को रद्द करते हुए सभी को परिणामी लाभ के साथ बहाल करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 22 जनवरी 2021 को सरकार ने बहाली तो की, लेकिन उक्त अवधि के लिए “नो वर्क, नो पे” की शर्त लगा दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी सरकारी कार्रवाई के कारण जबरन सेवा से बाहर रहे थे, इसलिए राज्य अपनी गलती का लाभ उठाकर कर्मचारियों को उनके वैधानिक और वित्तीय लाभों से वंचित नहीं कर सकता।


