एक ही अपराध में पॉक्सो और दुष्कर्म की सजा लगातार नहीं चलेगी: हाईकोर्ट
झारखंड हाईकोर्ट ने कहा कि एक ही अपराध के लिए पॉक्सो एक्ट और आईपीसी के तहत सजाएं लगातार नहीं चल सकतीं। पॉक्सो एक्ट की धारा 42 के अनुसार दोनों कानूनों में निर्धारित सजाओं में से अधिक सजा दी जा सकती है। अदालत ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत दी गयी अलग सजा निरस्त कर दी और 13 साल जेल में रहने के बाद रिहाई का आदेश दिया।

रांची, विशेष संवाददाता। एक ही अपराध के लिए पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं में दोषी ठहराये जाने पर दोनों सजाओं को लगातार चलाने का आदेश नहीं दिया जा सकता। झारखंड हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पॉक्सो एक्ट की धारा-42 के तहत दोनों कानूनों में निर्धारित सजाओं में से अधिक सजा ही दी जा सकती है। इसी आधार पर अदालत ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत दी गयी अलग सजा को निरस्त कर दिया और 13 साल जेल में रहने के बाद उसे रिहा करने का आदेश दिया। जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस प्रदीप श्रीवास्तव की खंडपीठ ने आरोपी की अपील पर सुनवाई के बाद दिया। आरोपी ने सिमडेगा के अपर सत्र न्यायाधीश सह विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत द्वारा दो जुलाई 2015 को सुनाये गये दोषसिद्धि के फैसले और सात जुलाई 2015 को सुनायी गयी सजा के खिलाफ थी।
दोनों धाराओं में सुनायी गयी सजा
दोनों धाराओं में सुनायी गयी थी 10-10 साल की सजा
मामले में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को आईपीसी की धारा 376(2), 323 और 506 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा-4 के तहत दोषी ठहराया था। दुष्कर्म के लिए आईपीसी की धारा 376(2)(एफ) के तहत 10 साल के कठोर कारावास और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अलग से 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनायी गयी थी। अदालत ने दोनों सजाओं को लगातार चलाने का आदेश दिया था। इसके अलावा आइपीसी की धारा 323 और 506 के तहत भी सजा सुनायी गयी थी।

