मंत्रालय से लेकर सीएमपीएफओ तक पहुंचेगी जांच की आंच
झारखंड हाईकोर्ट ने डीएचएफएल में सीएमपीएफओ के ₹727.67 करोड़ के निवेश नुकसान की सीबीआई जांच का आदेश दिया है। जून 2019 में फंड मैनेजरों ने डीएचएफएल की खराब वित्तीय स्थिति को लेकर चेतावनी दी थी। अदालत ने विशेषज्ञों की सलाह के बावजूद पैसा न निकालने और रकम को राइट ऑफ करने के प्रयास पर सवाल उठाए।

झारखंड हाईकोर्ट ने कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) की ओर से दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेडमें किए गए निवेश से हुए ₹727.67 करोड़ के भारी नुकसान के मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया है। उक्त मामले को राइट ऑफ कर खत्म करने की कोशिश की गई थी। अब अदालत की सख्ती से सीबीआई जांच होगी और जांच की आंच कोयला मंत्रालय से लेकर सीएमपीएफओ तक पहुंचेगी। जून 2019 में ही फंड मैनेजरों ने डीएफएफएल की खराब वित्तीय स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की थी। डीएचएफल में निवेश किए गए पैसे को निकालने की सलाह दी थी। अब सवाल उठता है कि ट्रस्टी बोर्ड और जिम्मेदार अधिकारियों ने पैसा क्यों नहीं निकाला। मजेदार बात यह है कि पूरे प्रकरण को राइट ऑफ कर दिया गया है। राइट ऑफ के बाद ट्रस्टी बोर्ड की बैठक में कुछ यूनियन नेताओं ने मुद्दे को उठाया लेकिन दबा दिया गया। जानकार बताते हैं कि तत्कालीन कोयला सचिव जो सीएमपीएफओ के ट्रस्टी बोर्ड के प्रमुख होते हैं तथा तत्कालीन सीएमपीएफ आयुक्त को अब सीबीआई को बताना होगा कि कैसे डीएचएफएल दिवालिया हो गया और जानकारी के बाद भी पैसा नहीं निकाला गया। कोर्ट में यह सवाल उठा कि विशेषज्ञों की सलाह के बाद भी इस प्रस्ताव को न्यासी मंडल की बैठक में क्यों नहीं लाया गया।
पेंशन फंड की स्थिति और नुकसान पर सवाल
कोल सेक्टर में सवाल उठाया जा रहा है कि सीएमपीएफओ (कोयला खान भविष्य निधि संगठन) के पेंशन फंड की स्थिति गंभीर है। हर साल 240 करोड़ का शॉर्टफाल हो रहा है। परिसंपत्तियों के मोनेटाइजेशन का प्रस्ताव दिया गया है, ताकि पेंशन फंड में अतिरिक्त फंड जुटाया जा सके। इसके बाद भी कोयला कर्मियों के भविष्य निधि के करोड़ों रुपये डूब गए। इसे साजिश करार दिया जा रहा है।
राइट ऑफ प्रस्ताव और कर्मचारियों का विरोध
कम राइट ऑफ करने की तैयारी पर भी उठे सवाल
22 नवंबर 2021 को सीएमपीएफओ बोर्ड के ट्रस्टी के अधीन गठित इन्वेस्टमेंट सब-कमेटी की बैठक में 727.67 करोड़ रुपये को राइट ऑफ करने का प्रस्ताव रखा गया। यानी डूबी हुई रकम को रिकॉर्ड से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश हुई। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद कोल इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की ओर से 727.67 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति के लिए कोयला उत्पादन पर 10 रुपये प्रति टन सेस लगाने का प्रस्ताव लाया गया था।
विभागीय कार्रवाई और हाईकोर्ट की गंभीरता
विभागीय कार्रवाई के बीच क्लीनचिट पर हाईकोर्ट गंभीर
मामले में तत्कालीन कोल सेक्रेटरी अनिमेष भारती के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट आने से पहले ही सीएमपीएफओ ने हाईकोर्ट में शपथपत्र दाखिल कर मामले में अपने अधिकारियों को क्लीनचिट दे दी। हाईकोर्ट ने इस पहलू को गंभीरता से लिया। प्रार्थी ने पूरे मामले की जांच ईडी और सीबीआई से कराने के साथ डूबी हुई रकम की क्षतिपूर्ति वापस दिलाने की मांग की थी। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह ने अदालत में पक्ष रखा।

