हाई स्कूल ट्रेंड शिक्षक नियुक्ति की अवमानना याचिका पर सुनवाई टली
झारखंड उच्च न्यायालय में हाई स्कूल ट्रेंड शिक्षक की नियुक्ति से संबंधित एकल पीठ के आदेश के अनुपालन में विफलता को लेकर अवमानना याचिका पर सुनवाई हुई। न्यायालय ने मामले की सुनवाई स्थगित कर दी और कहा कि इस पर तब तक सुनवाई नहीं होगी जब तक अपील याचिका पर आदेश पारित नहीं हो जाता।

रांची, संवाददाता। हाई स्कूल ट्रेंड शिक्षक की नियुक्ति से संबंधित एकल पीठ के आदेश का अनुपालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए दायर अवमानना याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई। जस्टिस आनंदा सेन की अदालत ने मामले की सुनवाई को फिलहाल स्थगित रखते हुए कहा कि संबंधित अपील याचिका में आदेश पारित होने के बाद ही इस मामले पर सुनवाई की जाएगी। यह अवमानना याचिका अतुल कुमार और महेश महतो की ओर से दायर की गई है। प्रार्थियों का कहना है कि नियुक्ति से जुड़े मामले में एकल पीठ द्वारा पारित आदेश का अनुपालन नहीं किया गया है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि एकल पीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि मीना कुमारी के मामले में पारित आदेश के खिलाफ राज्य सरकार और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने अपील दायर की है। उक्त एलपीए में जो आदेश पारित होगा, उसके बाद ही वर्तमान मामले पर सुनवाई की जाएगी।


