टोकलो आईईडी हमले के आरोपी मंगल मुंडा को हाईकोर्ट ने नहीं दी जमानत
झारखंड उच्च न्यायालय ने नक्सली संगठन भाकपा माओवादी से कथित संबंध और सुरक्षा बलों पर आईईडी हमले के मामले में आरोपी मंगल मुंडा की जमानत याचिका खारिज कर दी। मंगल मुंडा को पांच साल से अधिक समय से जेल में रखा गया है। एनआईए ने मामले में 97 गवाहों का संख्या कम की है।

रांची/जमशेदपुर।नक्सली संगठन भाकपा माओवादी से कथित संबंध और सुरक्षा बलों पर आईईडी हमला कराने के मामले के आरोपी मंगल मुंडा को झारखंड हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान एनआईए की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में अभियोजन पक्ष के गवाहों की संख्या घटाकर 97 कर दी गई है। इनमें से 45 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। वहीं, मंगल मुंडा की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि ट्रायल पूरा होने में अभी काफी समय लग सकता है। आरोपी पांच साल से अधिक समय से जेल में है, इसलिए उसे जमानत दी जानी चाहिए। 2021 में आईईडी विस्फोट में तीन जवानों की हुई थी मौत
मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना से जुड़ा है।
4 मार्च 2021 को लांजी पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट हुआ था। विस्फोट में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। बाद में गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच के बाद एनआईए ने 7 सितंबर 2021 को आरोप पत्र दाखिल किया था। इसमें मंगल मुंडा को आरोपी बनाया गया था।
माओवादी कैडरों को पाइप उपलब्ध कराने का आरोप
एनआईए के आरोप के अनुसार, मंगल मुंडा कथित तौर पर भाकपा माओवादी के सशस्त्र कैडरों के संपर्क में था। आरोप है कि वह उनके निर्देश पर लोहे की पाइप उपलब्ध कराता था। इन पाइपों का इस्तेमाल आईईडी तैयार करने में किया जाता था। एनआईए के आरोप पत्र में यह भी कहा गया है कि आरोपी को इस बात की जानकारी थी कि उपलब्ध कराई जा रही सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसक गतिविधियों में किया जाना है।

