राज्य के सभी सदर अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा होगी : मंत्री
विश्व जनसंख्या दिवस : उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित, सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रयास किया जा रहा

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी (सी-सेक्शन) के लिए एक सेंटर खोलने की योजना है। सदर अस्पताल में सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर रहेंगे, उनका वार्ड होगा। इसके साथ ही सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रयास किया जा रहा है। नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री शनिवार को रांची के एक होटल में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर अंतरा पोस्टर, इम्प्लांट और पीपीएफ पोस्टर का अनावरण किया। साथ ही जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सक, सहिया, एएनएम एवं अन्य कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन की दिशा में बेहतर काम करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया है। बढ़ती आबादी तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।
शिशु मृत्युदर और कुपोषण पर और काम हो
अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पूरे विश्व के सामने बड़ी चुनौती है। इस चुनौती को अवसर के रूप में लेकर मानव संसाधन को कैसे उपयोग कर विकसित देश और राज्य बना सकें, इस दिशा में कार्य करना है। मानव संसाधन के बेहतर उपयोग के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी बेहतर काम कर रहे हैं, लेकिन इससे और ज्यादा बेहतर काम करने की जरूरत है। शिशु मृत्युदर और कुपोषण पर और बेहतर काम करने की जरूरत है। गांव में लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने की बहुत आवश्यकता है। सदर अस्पतालों में सी सेक्शन के मामले ज्यादा आते हैं। सरकार का लक्ष्य सी सेक्शन को सदर अस्पताल से नीचे लाना है, इसके लिए हर जिला में एक स्पेशल सेंटर खोला जाएगा, जहां सी सेक्शन की सुविधा होगी। सी सेक्शन के लिए 100 बेड का सेंटर होगा। आने वाले दो वर्षों में सब सेंटर और सीएचसी में सी सेक्शन का लक्ष्य है।
जागरुकता से बढ़ती जनसंख्या पर काबू संभव
अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वस्थ मिशन शशि प्रकाश झा ने कहा कि बढ़ती आबादी से लोगों को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ता है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है। बीमारियों से होने वाली मौतों पर हमने काबू पाया है। इस कारण भी आबादी में सुधार हुआ है। जागरुकता के माध्यम से भी हम बढ़ती जनसंख्या पर काबू कर सकते हैं। जनसंख्या नियंत्रण से आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास में भी सफलता मिलेगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ पुष्पा, सिविल सर्जन खूंटी डॉ ललित रंजन पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, मुखिया, स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे।


