11 माह से कमीशन नहीं, पीडीएस डीलरों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने 11 महीने से लंबित खाद्यान्न कमीशन का भुगतान और हर दुकानदार को 5000 रुपये मासिक प्रोत्साहन देने की मांग की है।

फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की झारखंड प्रदेश कमेटी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की आर्थिक स्थिति सुधारने की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष मोहन साव पारस के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को शनिवार को एयरपोर्ट पर सौंपे गये ज्ञापन में 11 माह से लंबित एनएफएसए के खाद्यान्न के कमीशन का भुगतान करने और 25,400 दुकानदारों को प्रतिमाह पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने कहा कि राज्य में करीब 25,400 दुकानदार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने में जुटे हैं। इसके बावजूद लंबे समय से कमीशन का भुगतान नहीं होने से दुकानदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में डीलरों को महज 1.50 रुपये प्रति किलो कमीशन मिलता है, जिसे बढ़ाकर तीन रुपये करने की जरूरत है। कई दुकानदारों को महीने में 20 से 30 क्विंटल ही आवंटन मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।एसोसिएशन ने पूर्व सरकार द्वारा घोषित प्रोत्साहन राशि को लागू करने की मांग करते हुए प्रत्येक दुकानदार को पांच हजार रुपये मासिक देने का आग्रह किया। साथ ही दुकानदारों और उनके आश्रित परिवारों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में मोहन साव पारस, प्रदेश महासचिव प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


