झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा में चक्रधरपुर में एक परीक्षार्थी निष्कासित
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 में एक परीक्षार्थी को नियमों के उल्लंघन पर निष्कासित किया गया। परीक्षा 26 केंद्रों पर शांति से संपन्न हुई, जिसमें लगभग 9,948 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।

चाईबासा, संवाददाता। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 में प्रथम पाली में कार्मेल उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर परीक्षा केंद्र से परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने के कारण एक परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया। इसके अलावा तीनों पालियों में जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी तथा परीक्षा के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी की गई।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 9,948 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 1,854 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। द्वितीय पाली में 1,853 अभ्यर्थी तथा तृतीय पाली में 1,851 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।परीक्षा के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में दोनों पदाधिकारियों ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी उपस्थित थे। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा शुरू होने तक अपनाई जा रही प्रत्येक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन किया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, सघन जांच व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में निर्धारित मानकों के अनुरूप बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा कक्षों में अनुशासन, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।


