पलाश बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम का चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न
झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा पलाश बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम के तहत लोहरदगा में चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 50 पलाश हस्तक्षेप विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। इसका उद्देश्य मातृभाषा आधारित बहुभाषी शिक्षा और प्रभावी शिक्षण रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित करना था। अंत में, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी ने शिक्षकों को लागू करने के लिए प्रेरित किया।

लोहरदगा, संवाददाता। झारखंड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा के द्वारा पलाश बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम के तहत डायट, चिरी में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय गैर-आवासीय शिक्षक प्रशिक्षण गुरुवार को संपन्न हो गया। छह से नौ जुलाई तक चले प्रशिक्षण में जिले के सभी 50 पलाश हस्तक्षेप विद्यालयों के चयनित शिक्षकों ने दो बैचों में भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को मातृभाषा आधारित बहुभाषी शिक्षा, आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), प्रभावी कक्षा-शिक्षण, उच्च प्रभावी शिक्षण रणनीतियों (एचआईटीएस), सतत मूल्यांकन और संशोधित पलाश शिक्षण-सामग्रियों के प्रभावी उपयोग के लिए दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को संशोधित पाठ्यपुस्तकों, कार्यपुस्तिकाओं, शिक्षक संदर्शिका, वार्षिक और दैनिक पाठ योजना, समूह आधारित अधिगम तथा भाषा और गणित के एकीकृत शिक्षण का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया।समापन
समारोह में अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी मोनीदीपा बनर्जी ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और शिक्षण रणनीतियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से जिले के बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार होगा और आगामी आकलनों में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।


