22 से बेमियादी कार्य बहिष्कार करेंगे झारखंड के डॉक्टर
झारखंड के डॉक्टर 22 अक्तूबर से बेमियादी कार्य बहिष्कार करेंगे। आईएमए झारखंड के अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने धनबाद में इसकी घोषणा की और चिकित्सा संगठनों का संयुक्त 10 सूत्री मांग-पत्र जारी किया। मांगों में डॉक्टरों की सुरक्षा, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में सुधार, रिक्त पदों पर भर्ती, करियर प्रगति, बेहतर प्रशिक्षण और महिला डॉक्टरों की सुरक्षा शामिल हैं।

डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार और मांगें
धनबाद, प्रमुख संवाददाता। क्लीनिकल प्रोटेक्शन एक्ट झारखंड में व्यावहारिक रूप से लागू करने, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट को प्रभावि बनाने, डॉक्टर एवं अस्पतालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राज्यभर के डॉक्टर 22 अक्तूबर से बेमियादी कार्य बहिष्कार करेंगे। यह घोषणा बुधवार को धनबाद क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईएमए झारखंड के अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने की। उन्होंने आईएमए समेत विभिन्न चिकित्सा संगठनों का संयुक्त 10 सूत्री मांग-पत्र भी जारी किया। डॉ एके सिंह ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर सरकार लगातार टालमटोल कर रही है। चिकित्सा संगठनों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर हड़ताल का रास्ता अपनाने को बाध्य हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। संयुक्त मांग पत्र में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नियमित सरकारी डॉक्टरों के लिए डायनेमिक एसीपी (डीएसीपी) और समयबद्ध करियर प्रगति लागू करने, स्वीकृत रिक्त पदों को भरने तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई है। साथ ही संविदा नियुक्तियों पर रोक, नियमित भर्ती कैलेंडर जारी करने और प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त पद सृजित करने पर जोर दिया गया। चिकित्सा संगठनों ने क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में व्यावहारिक सुधार कर 50 बेड तक के अस्पतालों को छूट और सरल नियम देने तथा बड़े अस्पतालों के लिए आनुपातिक नियामक व्यवस्था लागू करने की मांग की। मेडिकल कॉलेजों में सुरक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और विद्यार्थियों को समय पर स्टाइपेंड देने की मांग भी शामिल हैं। महिला डॉक्टरों की सुरक्षा, नाइट शिफ्ट में बेहतर इंतजाम, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और हिंसा की रोकथाम, दंत डॉक्टरों की भर्ती तथा एनएचएम डॉक्टरों के लिए नियमसम्मत प्राथमिकता की मांग उठाई गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईएमए धनबाद के सचिव राकेश इंदर सिंह, डॉ प्रणय पूर्वे, डॉ जिम्मी अभिषेक समेत आईएमए और अन्य चिकित्सा संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।

