एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने की तिथि 15 दिन बढ़े : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस का एक शिष्टमंडल ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण की अवधि 15 दिन बढ़ाने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्य की प्रगति धीमी है, जिससे पात्र मतदाताओं के छूटने की आशंका है।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के माध्यम से चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की अवधि 15 दिन बढ़ाने की मांग की है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव और संजय कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अनुपस्थिति में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रांची, हटिया, धनबाद, झरिया और बोकारो जैसे बड़े विधानसभा क्षेत्रों में कार्य की प्रगति बेहद धीमी है, जिससे बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के छूट जाने की आशंका है।
अब तक रांची में 4.14 प्रतिशत, हटिया में 8.48 प्रतिशत, धनबाद में 4.78 प्रतिशत, झरिया में 5.96 प्रतिशत और बोकारो में 11.56 प्रतिशत मतदाताओं का ही डिजिटाइजेशन हो सका है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक फॉर्म वितरण और जमा करने का कार्य चल रहा है, लेकिन 10 जुलाई तक बड़े शहरी क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसलिए 29 जुलाई की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अगस्त करने की मांग की गई है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।


