झारखंड सरकार के विकास कार्यों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही भाजपा : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. एम. तौसीफ ने भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज विकास एवं नियमन संशोधन कानून 2026 पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुँचाने के लिए लाया गया है। इससे झारखंड के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

मेदिनीनगर, संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. एम. तौसीफ ने भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से खान एवं खनिज विकास एवं नियमन संशोधन कानून 2026 लाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार झारखंड सरकार के विकास कार्यों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है जो राज्य की जनता के हितों के खिलाफ है। डॉ तौसीफ ने पलामू परिसदन में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाला राज्य है।
कोयला, लौह-अयस्क, तांबा और बॉक्साइट समेत कई खनिज राज्य की अर्थव्यवस्था में महती भूमिका निभाते हैं। खनन से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना के विकास के लिए किया जाता है। राज्यों के खनिज एवं वित्तीय अधिकारों को कमजोर करना संघीय ढांचे के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि 2024 में सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने राज्यों की खनिज अधिकारों पर कर लगाने की विधायी शक्ति को मान्यता दी थी। इसलिए संशोधन कानून के प्रावधानों की संवैधानिक समीक्षा जरूरी है। उन्होंने अयोध्या मंदिर से जुड़े चंदे की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष वित्तीय जांच और पारदर्शी सार्वजनिक लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की भी मांग की। प्रेस वार्ता में पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष विमला कुमारी, विनोद तिवारी, सत्यानंद दुबे, सत्येंद्र सिंह, जितेंद्र कमलापुरी और मुकेश सिंह भी उपस्थित रहे।


