कैबिनेट की बैठक समेत कांग्रेस का लोकभवन मार्च स्थगित
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 सितंबर को होने वाली झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक को दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की सड़क हादसे में मौत के बाद स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस ने भी 26 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च को अगले आदेश तक स्थगित किया है, ताकि निर्वाचन आयोग के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 सितंबर को होनेवाली झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग ने इसकी जानकारी दी है। कैबिनेट की अगली बैठक की तारीख की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की सड़क हादसे में मौत के बाद कैबिनेट की बैठक को स्थगित किया गया है। वहीं, कांग्रेस ने भी 26 सितंबर को आयोजित लोकभवन मार्च अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के मुद्दे पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिकतम ध्यान केंद्रित करने और देशव्यापी आंदोलन को सफल बनाने के उद्देश्य से 26 सितंबर को खान व खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक और ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे को लेकर प्रस्तावित राजभवन मार्च को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
यह कार्यक्रम स्थायी रूप से निरस्त नहीं किया गया है, बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में निर्वाचन आयोग से जुड़े देशव्यापी आंदोलन को प्राथमिकता देते हुए इसे अगले आदेश तक स्थगित किया गया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आगामी निर्देशों के अनुरूप आगे का कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।

