केंद्र बताए घुसपैठ पर अबतक क्या कार्रवाई हुई : विनोद पांडेय
झारखंड के भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के आरोपों पर झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता को उपदेश देने से पहले केंद्र सरकार की नीतियों पर ध्यान देना चाहिए। पांडेय ने घुसपैठ के मामलों में केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए और भाजपा से ठोस सूचना साझा करने की मांग की।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी झारखंड को समझने के बजाय दो दिन के प्रवास में ही सरकार और राज्य की जनता को प्रमाणपत्र बांटने लगे हैं। भाजपा को जनता को उपदेश देने से पहले केंद्र सरकार की नीतियों और अपने शासन का आईना देखना चाहिए। झारखंड की जनता आरोपों और हकीकत के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है। विनोद पांडेय ने घुसपैठ के आरोपों पर कहा कि यह गंभीर विषय है और इसमें केंद्र सरकार तथा उसकी सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों की भी स्पष्ट भूमिका है। यदि भाजपा नेताओं के पास घुसपैठ से संबंधित ठोस जानकारी है तो उसे संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराएं। केवल चुनावी और राजनीतिक मंचों से आरोप लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। घुसपैठ पर राजनीति के बजाय केंद्र सरकार बताए अब तक क्या कार्रवाई हुई?
बिहार और पश्चिम बंगाल में कितने बांग्लादेशी पकड़े
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा नेता एसआईआर को लेकर लगातार बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। उन्हें देश को बताना चाहिए कि एसआईआर के माध्यम से बिहार और पश्चिम बंगाल में आखिर कितने बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। यदि घुसपैठ रोकना ही इसका उद्देश्य था तो कार्रवाई का वास्तविक आंकड़ा देश के सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर आम लोगों को महीनों दस्तावेज जुटाने, कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़ा होने के लिए मजबूर होना पड़ा। गैर-भाजपा मतदाताओं के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार और उनके मताधिकार पर आशंका पैदा होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
खनिज संपदा पर भाजपा अपना रुख स्पष्ट करे
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को आरोप लगाने से पहले यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार की खनन संबंधी नीतियों से झारखंड के हितों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। राज्य के अधिकार और खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व के सवाल पर भाजपा के प्रदेश नेता केंद्र सरकार के सामने झारखंड का पक्ष क्यों नहीं रखते?

