झारखंड बंद के समर्थन में सड़क जाम, मांगों को लेकर प्रदर्शन
गिरिडीह में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने झारखंड बंद के समर्थन में सड़क जाम किया। उनकी प्रमुख मांगें पेंशन, नौकरी, और सम्मान राशि प्रदान करने की हैं। आंदोलनकारी सरकार की दी जा रही आश्वासनों को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे हैं और उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं करने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को झारखंड बंद के समर्थन में पपरवाटांड़ स्थित टोल टैक्स के पास आंदोलनकारियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। सड़क जाम के कारण कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन देने, उनके पुत्र-पुत्रियों की सीधी नियुक्ति करने तथा जेल जाने की वैधता की शर्त समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को 50-50 हजार रुपये सम्मान राशि देने समेत सात सूत्री मांगें शामिल हैं। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष नारायण राणा और देवंती भारती ने कहा कि आंदोलनकारियों की मांगों को सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मान और अधिकार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई मांगें अब भी लंबित हैं। मांगों के समाधान के लिए आंदोलनकारी लगातार संघर्ष करते रहेंगे। जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई। सड़क जाम की सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों से जाम हटने की अपील की। पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया गया। प्रदर्शन में सुरेंद्र हेम्ब्रम, रघुनाथ सिंह, सुलेमान अंसारी, विनोद पांडेय, अशोक हांसदा, पूरन तुरी, शिवाजी मुर्मू, असलम अंसारी, अर्जुन सिंह और पुलूस हांसदा समेत बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए।

