धरातल पर पारदर्शी तरीके से पहुंचे योजनाओं का लाभ : समिति
फ्लैग- सरायकेला पहुंची विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम समिति, सभापति निरल पूर्ति बोले- क्रासर- पारदर्शिता

झारखंड विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम समिति सोमवार को सरायकेला पहुंची। समिति के सभापति और मझगांव के विधायक निरल पूर्ति की अगुवाई में पहुंची समिति में मनोहरपुर के विधायक जगत मांझी और हजारीबाग के बरकठा के विधायक अमित कुमार यादव शामिल थे। परिसदन में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के अलावा झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. सुभेंदू महतो ने समिति का स्वागत किया। समिति के सभापति ने कहा कि समिति सभी विभागों के कामकाज का धरातल पर वास्तविक आकलन करने के लिए क्षेत्र का दौरा कर रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पारदर्शिता की कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनना होगा।इससे पहले परिसदन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक में अधिकारियों ने जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत प्रगति रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी। समिति ने एक-एक कर सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य रूप से एडीसी जयबर्द्धन कुमार, डीडीसी रीना हांसदा, डीटीओ शंकराचार्य सामद सहित विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी विभागों के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी इस उच्च स्तरीय बैठक और समीक्षा के दौरान उपस्थित रहे। सभी विभागों के प्रमुखों ने समिति के समक्ष अपनी रिपोर्ट पेश की। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी समिति के सदस्यों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष अविनाश कवि और कृष्णा राणा सहित कई सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे।


