बेड़ो में आंदोलनकारियों ने थामी फोरलेन की रफ्तार, चक्का जाम
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने बेड़ो में फोरलेन मार्ग पर चक्का जाम किया। आंदोलनकारियों ने सरकार के प्रति अपनी मांगें उठाते हुए नारेबाजी की। उनका कहना है कि झारखंड निर्माण के लिए संघर्ष करने वालों को अब तक उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिले। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे 15 नवंबर को अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे।

बेड़ो, प्रतिनिधि। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा बेड़ो के बैनर तले पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को लंबित मांगों को लेकर बेड़ो के बारीडीह में फोरलेन मार्ग पर चक्का जाम किया गया। आंदोलनकारी सड़क पर डटे रहे, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मालवाहक ट्रकों के साथ यात्री और अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे। आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों से जाम हटाने की अपील की, लेकिन वे मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि झारखंड निर्माण के लिए संघर्ष करने वालों को अब तक उचित मान-सम्मान और हक-अधिकार नहीं मिला है।
जुगेश उरांव ने कहा कि मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी है। सरकार जब तक ठोस पहल नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। धनंजय कुमार राय ने कहा कि झारखंड राज्य बने 26 वर्ष हो गए हैं, लेकिन अलग राज्य के लिए आंदोलन करने वालों को अब भी अधिकार और सम्मान नहीं मिला है। सरकार के आश्वासनों और सरकारी संकल्पों को धरातल पर लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। सहिंद्र लकड़ा ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर 15 नवंबर को आंदोलनकारी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे। मौके पर विष्णु तिर्की, पीटर तिर्की, दिलीप भगत, बुधराम लोहरा, मनोज भगत, चमरा उरांव, जगन्नाथ उरांव, दुर्गा उरांव, ननकेश्वर मुंडा, राजेंद्र महतो, सुधीर मिंज, प्रभात टोप्पो, नीली लकड़ा, सुकरो उराईन, भुनेश्वर साहू, मदरा मुंडा, सुकरा उरांव, बंधना उरांव, तिलक नाथ महतो, नवल किशोर सिंह, विजय टोप्पो, साधो उरांव, जीतराम उरांव, चरवा उरांव, बिरसा मिंज, पंचू उरांव, सुका उरांव, अजमत अंसारी, भौआ उरांव, हीरालाल ठाकुर, मरियम केरकेट्टा, सुकी उराईन, बुधनी उरांव, सेरलीना कुजूर, बुधनी उराईन, शांति तिर्की समेत दर्जनों आंदोलनकारी मौजूद थे।


