झाझा के लाल अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी जाबीर को पटना विश्वविद्यालय ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
झाझा निवासी मो जाबीर अंसारी को पटना विश्वविद्यालय में कराटे प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता 29 और 30 अगस्त 2026 को आयोजित होगी। एसी जिम्मेदारी से झाझा के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

झाझा । नगर संवाददाता राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पटना विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में झाझा का मान बढ़ा है। झाझा निवासी, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी और 'इंस्टीट्यूट ऑफ डायनामिक मार्शल आर्ट' के निदेशक मो जाबीर अंसारी को पटना विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड ने कराटे प्रतियोगिता के सफल संचालन और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पटना विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड द्वारा "एक घंटा खेल के मैदान में" कार्यक्त्रम के तहत 29 और 30 अगस्त 2026 को वाणिज्य महाविद्यालय खेल परिसर (दरभंगा हाउस, पटना) में दो दिवसीय पुरुष एवं महिला कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ दीप नारायण कुमार ने मो जाबीर अंसारी को आधिकारिक पत्र भेजकर सहयोग मांगा है।
विश्वविद्यालय ने उनसे योग्य कराटे खिलाडि़यों की भागीदारी सुनिश्चित करने और इस प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है। प्रतियोगिता का समय सुबह 11:30 से दोपहर 12:00 बजे के बीच शुरू होगा। झाझा के युवा खिलाड़ी को मिली इस जिम्मेदारी से स्थानीय खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।


