लूट का विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को चाकू से गोदा, ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ा
दरौली/गुठनी (सीवान), एक संवाददाता। सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार में मंगलवार को एक आभूषण दुकान में लूट की नीयत से पहुंचे बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को चाकू से गोदकर घायल कर दिया।...

दरौली/गुठनी (सीवान), एक संवाददाता। सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार में मंगलवार को एक आभूषण दुकान में लूट की नीयत से पहुंचे बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को चाकू से गोदकर घायल कर दिया। घायल स्वर्ण व्यवसायी टड़वा चट्टी निवासी दिलीप वर्मा हैं।
घटना का विवरण
वहीं, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। बताया गया कि स्वर्ण व्यवसायी दिनेश वर्मा टड़वा बाजार पर नीरज ज्वेलर्स नामक एक दुकान का संचालन करते हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी स्वर्ण व्यवसायी अपनी दुकान पर बैठकर ग्राहकों को संभाल रहे थे, तभी तीन बाइकों पर सवार कुल पांच बदमाश आभूषण दुकान पर पहुंच गए। बदमाश दुकान पर घुसकर पहले तो हथियार निकाला और लूट की घटना को अंजाम देने को लेकर स्वर्ण व्यवसायी को धमकाना चाहा। स्वर्ण व्यवसायी ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
इस घटना में स्वर्ण व्यवसायी गंभीर रूप से घायल होने के बाद गिर गए। दूसरी तरफ भागने के दौरान फायरिंग भी की गई तो गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों में से दो को पकड़ लिया, जबकि तीन भागने में सफल रहे। बाद में ग्रामीणों ने दोनों बदमाशों को पुलिस को सौंप दिया। एसपी भारत सोनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। स्वर्ण व्यवसायी को बदमाशों ने चाकू मारकर घायल किया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच - पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दो बदमाश गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं और फरार तीन अन्य की भी पहचान कर ली गयी है। घेराबंदी कर छापेमारी चल रही है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


