तेजस्वी की डूबती नैया से घबराया राजद: उमेश
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को राजनीतिक हथकंडा बताया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की छवि बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं में गंभीर राजनेता के रूप में नहीं है। कुशवाहा ने तेजस्वी के विदेश भ्रमण के दौरान छात्र-युवा मुद्दों की अनदेखी को भी उजागर किया।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को केवल चेहरा चमकाने का राजनीतिक हथकंडा करार दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की डूबती राजनीतिक कश्ती और तेजी से खिसकते जनाधार से पूरा राजद खेमा घबराया हुआ है। बिहार की जनता के साथ-साथ राजद के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी तेजस्वी यादव की छवि एक पार्ट-टाइम और अगंभीर राजनेता के रूप में बन चुकी है। इसी छवि को पाटने के विफल प्रयास के तौर पर लोकभवन मार्च का आयोजन किया गया, लेकिन इससे राजद को कोई लाभ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता और छात्र-युवाओं के प्रति तेजस्वी यादव कितने गंभीर हैं, यह किसी से छिपा नहीं है।
जब सदन का महत्वपूर्ण सत्र चलता है, जनता की आवाज उठाने की बारी आती है और छात्र-युवा आंदोलन करते हैं, तब तेजस्वी यादव विदेश भ्रमण में व्यस्त और मदमस्त रहते हैं।


