गर्व : एशियाई खेल की रिले दौड़ में दुजाना के जय को कांस्य पदक
नोएडा, राजेश शर्मा। एशियाई खेल (जापान) की रिले दौड़ में दुजाना के जय कुमार ने

नोएडा, राजेश शर्मा। जापान में चल रहे एशियाई खेल की रिले दौड़ में दुजाना के जय कुमार ने मंगलवार को कांस्य पदक अपने नाम किया। तीन दिन पहले वह मिक्स्ड रिले में रजत पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी जीत पर खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। एशियाई खेल की 4 गुना 400 मीटर रिले दौड़ स्पर्धा में जय कुमार तीन अन्य भारतीय धावकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। दूरी तय करने के लिए भारतीय धावकों ने तीन मिनट एक सेकंड और 61 माइक्रो सेकंड का समय लिया। इससे पहले वह 4 गुना 400 मीटर मिक्स्ड रिले में भी रजत पदक झटकने वाली भारतीय टीम में थे। फोन पर बातचीत में जय कुमार ने बताया कि एशियाई खेल जैसे प्रतियोगिताओं में पदक जीतना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है। भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और भी बेहतर प्रदर्शन का प्रयास होगा। जय कुमार के पिता राकेश कुमार ने बताया कि मुझे भारतीय टीम से स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद थी, क्योंकि टीम ने हीट स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन किया। बेटे और भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर ने भी एशियाई खेलों में पदक जीतने पर जय कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
पिता की सलाह पर जय कुमार ने कबड्डी छोड़ एथलेटिक्स को अपनाया
जय कुमार 2019 तक कबड्डी के खिलाड़ी थे। वह प्रदेश कबड्डी प्रतियोगिताओं में कई बार भाग ले चुके थे। उनके पिता राकेश कुमार ने बेटे को व्यक्तिगत खेल अपनाने की सलाह दी, इसके बाद उन्होंने सोनू भाटी, विशाल सक्सेना आदि प्रशिक्षकों से दौड़ का प्रशिक्षण लिया। जय कुमार की कड़ी मेहनत और इच्छा शक्ति ने उन्हें शानदार धावक बनाने में मदद की। इससे उन्हें 2021 में भी जूनियर वर्ल्ड कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। इसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिता में मेडल बटोरकर देश को गौरवान्वित किया। उनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें एशियाई खेल की मिक्स्ड रिले स्पर्धा की टीम में शामिल किया गया। जय के पिता दादरी में परचून की दुकान चलाते हैं.
लोगों ने कहा खेल में आगे नहीं बढ़ पाओगे, पढ़ाई करो
जय कुमार ने बताया कि पिता की सलाह पर जब मैंने कबड्डी छोड़ी उस समय कई लोगों ने कहा कि खेलने में कुछ नहीं रखा। इसे छोड़कर दूसरे विकल्प पर ध्यान दो, लेकिन मैंने उनकी एक नहीं सुनी और मैं एथलेटिक्स को अपनाकर आगे बढ़ता गय। मेरे पिता और परिवार ने भी मेरा पूरा सहयोग किया। एथलेटिक्स में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करना चाहता था। पिता, परिवार और प्रशिक्षकों सहित कई अन्य जानकारों की वजह से मैं आज यहां हूं।


