नवोदय विद्यालय में नामांकन की दौड़ शुरू, 31 जुलाई तक करें आवेदन
राजगीर में नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। 28 नवंबर 2026 को चयन परीक्षा होगी। यह मौका ग्रामीण बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाने का एक अवसर है।

नवोदय विद्यालय में नामांकन की दौड़ शुरू, 31 जुलाई तक करें आवेदन
परीक्षा तिथि
28 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा, पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मौका राजगीर, निज संवाददाता। राजगीर अनुमंडल समेत पूरे नालंदा जिले के मेधावी ग्रामीण बच्चों के लिए देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय जवाहर नवोद्य विद्यालय (जेएनवी) में प्रवेश पाने का अवसर आ गया है। नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) का आयोजन 28 नवंबर 2026 को होगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों के लिए यह अवसर इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि नवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पाठ्यपुस्तक, गणवेश और खेल-कूद जैसी लगभग सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। नवोदय विद्यालय समिति का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें प्रतिस्पर्धी वातावरण देना है। नामांकन के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं, जो वर्ष 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा पांच में अध्ययनरत हों। नालंदा जिले के वास्तविक निवासी हों। उनकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच हो। साथ ही, छात्र ने कक्षा तीन, चार और पांच की पढ़ाई नियमित रूप से पूरी की हो। जिले का निवासी यदि पड़ोसी जिले के ऐसे विद्यालय में पढ़ रहा है जो उसके घर से 10 किलोमीटर की परिधि में है, तब भी वह अपने गृह जिले के नवोदय विद्यालय के लिए आवेदन कर सकता है।
परीक्षा विवरण
प्रवेश परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें मानसिक क्षमता एवं पर्यावरण अध्ययन, अंकगणित तथा भाषा से कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 100 अंकों की होगी और सही उत्तर पर 1.25 अंक मिलेंगे। सबसे राहत की बात यह है कि परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 40 मिनट का समय मिलेगा। नवोदय विद्यालयों में कम से कम 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग तथा छात्राओं के लिए भी नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान है। कम से कम एक-तिहाई सीटों पर छात्राओं का चयन सुनिश्चित किया जाता है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थी को फोटो, अभिभावक एवं विद्यार्थी के हस्ताक्षर, आधार अथवा निवास प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है और नवोदय विद्यालयों में अभिभावकों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क भी उपलब्ध रहेगा। चयनित विद्यार्थियों का परिणाम मार्च 2027 के अंत तक घोषित होने की संभावना है। शिक्षाविदों का मानना है कि राजगीर जैसे शिक्षा और पर्यटन केंद्र के बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन सकता है। ऐसे में योग्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके.


