नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
डोभी, एक संवाददाता। जवाहर नवोदय विद्यालय बजौरा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में नामांकन को लेकर चयन परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शु

जवाहर नवोदय विद्यालय बजौरा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में नामांकन को लेकर चयन परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक व योग्य छात्र-छात्राएं 31 जुलाई तक अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने बताया कि नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा का आयोजन आगामी 28 नवंबर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए वैसे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो वर्तमान में कक्षा पांच में अध्ययनरत हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की जन्म तिथि एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए।
साथ ही छात्र का कक्षा तीन, चार और पांच की पढ़ाई किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से होना अनिवार्य है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। चयन परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश का अवसर मिलेगा। गौरतलब हो कि नवोदय विद्यालय समिति ग्रामीण एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित करती है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, पुस्तकालय, खेलकूद और कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।


