पूरा देश बनेगा जंतर-मंतर : सीजेपी
अपडेट नोट-- पूर्व में जारी ‘नागरिकों पर सख्ती कर रही सरकार : दीपके’ खबर को

छत्रपति संभाजीनगर, एजेंसी। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटाने के फैसले की आलोचना की और चेतावनी दी कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बन जाएगा। दीपके ने कहा कि अगर यही हालात रहे तो एक दिन ऐसा भी आ सकता है जब भाजपा देश से लोकतंत्र को ही हटा दे। सीजेपी नेता सौरव दास ने कहा कि सरकार का जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन की जगह के तौर पर हटाने का फैसला उन्हें मंजूर नहीं है और वे इस मनमाने फैसले को नहीं मानते। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। क्या गृह मंत्रालय ने भारत के लोगों से सलाह ली? क्या किसी स्टेकहोल्डर से सलाह ली गई? क्या किसी संगठन से सलाह ली गई?
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के फैसले का विरोध
आंदोलन जारी रखेंगे
दीपके ने कहा कि हम आंदोलन जारी रखेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बढ़ती मांगों के बीच उन्हें बचाने के लिए केंद्र सरकार पर नागरिकों के खिलाफ सख्ती बरतने का आरोप लगाते हुए दीपके ने सवाल किया कि शीर्ष चुनाव निकाय के प्रमुख इतने जरूरी क्यों हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस युवाओं पर हमला कर रही है, पत्रकारों पर हमला कर रही है। यहां तक कि सांसदों पर भी हमला कर रही है। ज्ञानेश कुमार भाजपा के लिए इतने जरूरी क्यों हैं।
हिरासत के दौरान प्रताड़ना का आरोप
पुलिस ने मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया
दीपके ने कहा कि 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर उनके संगठन के विरोध प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके परिवार वालों और वकील को उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में विमान में ही हिरासत में ले लिया गया। साथ ही मोबाइल से चचेरे भाई का नंबर भी निकालने नहीं दिया गया, जो उनकी दादी के साथ रहता था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें और उनके परिजनों को मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया। हालांकि, दिल्ली पुलिस सीजेपी के इस दावे को पहले ही खारिज कर चुकी है。
पूरा वीडियो दिखाने की मांग
दिल्ली पुलिस पूरा वीडियो दिखाए
दीपके ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस ने मुझे मेरी दादी की मृत्यु के बारे में बताया था, तो वे मेरे पास गिरफ्तारी के कागजात लेकर क्यों आए और मुझसे हस्ताक्षर करने के लिए क्यों कहा? उन्होंने मुझसे अपने माता-पिता से बात करने के लिए कहा, लेकिन मैंने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं और मैं इस समय उनसे बात नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस एक एडिटेड वीडियो चला रही है। अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें पूरा वीडियो दिखाना चाहिए, जिसमें उन्होंने मेरे बुनियादी अधिकारों से वंचित किया।

