सुब्रतो कप में जनार्दन सिंह हाई स्कूल ने लहराया परचम
जनार्दन सिंह हाई स्कूल देवरी के खिलाड़ियों ने सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस जीत के बाद विद्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि अनिल चौधरी ने खिलाड़ियों की प्रशंसा की। उपस्थित वक्ताओं ने बच्चों के अनुशासन और खेल में बेहतरी पर गर्व व्यक्त किया।

जमुआ, प्रतिनिधि। सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रमंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जनार्दन सिंह हाई स्कूल देवरी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद विद्यालय पहुंचे अतिथियों और प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित व सम्मानित किया। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिला महासचिव अनिल चौधरी मौजूद थे। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने बच्चों के बेहतरीन खेल, अनुशासन और समर्पण की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे होनहार खिलाड़ियों पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। उम्मीद जताई गई कि ये खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे और विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके खेल प्रशिक्षकों (कोच) और संपूर्ण विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य अजय राय, सचिव प्रफुल्ल राय, कांग्रेस जिला महासचिव अनिल चौधरी, दूरदर्शन के खेल कमेंटेटर शमीम अंसारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं ग्रामीण मौजूद थे।फ़ोटो 15 जीआरडी 128 सम्मान समारोह में मौजूद देवरी के खिलाड़ी।


