साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। बिक्रम दां, जय कुमार दास, और हेमंत दास जैसे ठग लोगों को केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी करते थे।

जामताड़ा, प्रतिनिधि। जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप जंगल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सोनबाद निवासी बिक्रम दां, पाण्डेडीह निवासी जय कुमार दास तथा बेवा निवासी हेमंत दास को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से छह मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
एसपी ने बताया कि बिक्रम दां बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड बंद होने का झांसा देकर केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करता था। वहीं जय कुमार दास और हेमंत दास अमेज़न पे ऐप के माध्यम से बैंक संबंधी जानकारी जुटाकर लोगों को केवाईसी अपडेट के नाम पर कॉल करते थे और ई-वॉलेट के जरिए ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों अपने सहयोगियों को बैंक खाते और एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे। इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 48/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी अमित कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

