महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचे राज्यपाल
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह मंगलवार को शुरू हुआ, जिसमें 1990 छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। झारखंड के राज्यपाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 53 मेधावी छात्राओं को स्वर्ण पदक व अन्य पुरस्कार भी दिए गए। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार है जब चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई।
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह मंगलवार को बिष्टुपुर के एक्सएलआरआई सभागार में भव्य माहौल के बीच शुरू हुआ। झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार के दीक्षांत समारोह स्थल पर पहुंचते ही कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातु कर्म प्रयोगशाला के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में कुल 1990 छात्राएं पंजीकृत हैं, जिन्हें आज डिग्रियां प्रदान की जा रही हैं। सभागार की सीमित क्षमता को देखते हुए दो चरणों में डिग्री वितरण की अनूठी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत पहले चरण में 1100 और राज्यपाल के प्रस्थान के बाद शेष 890 छात्राओं को डिग्रियां बांटी जाएंगी।
इस मौके पर विभिन्न संकायों की 53 मेधावी छात्राओं को स्वर्ण पदक, चांसलर मेडल और अर्थशास्त्र की छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल से सम्मानित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर है जब चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जा रही है। कुलपति प्रो. इला कुमार और परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह को लेकर छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह है।


