एसआईआर की सुनवाई जारी, अधिकांश अधिकारियो ने लगाया कैंप
जमशेदपुर में अनमैप्ड और विसंगति वाले वोटरों की सुनवाई लगातार जारी है। अधिकारियों ने सावधानी बरती है और पहले की तरह भीड़ नहीं है। सुनवाई के समापन के लिए उन लोगों की सुनवाई जरूरी है, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, सरकार के दिशा-निर्देश अभी पूर्वी सिंहभूम जिले में लागू नहीं हुए हैं।

जमशेदपुर। एसआईआर के तहत अनमैप्ड और विसंगति वाले वोटरों की सुनवाई सोमवार को भी जारी रही। एडीसी और मानगो सीओ जैसे अधिकारियों को छोड़ दें तो लगभग सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुनवाई कर रहे हैं। हालांकि अब पहले जैसी भीड़ शिविर में नहीं दिख रही। लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बताया जाता है कि जिन लोगों को नोटिस जारी हो चुका है, उनकी सुनवाई करने के बाद ही शिविर को बंद किया जाएगा। चूंकि अधिकांश अधिकारी 12 अक्टूबर तक का नोटिस बांट चुके हैं, इसलिए लोगों का आना जारी है। वैसे भारत निर्वाचन आयोग ने जो आदेश जारी किया था, उसके अनुसार अब बीएलओ को घर-घर जाकर कागजात जुटाकर एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करनी थी।
सिर्फ कुछ बेहद जरूरी और उलझे मामलों में ही मतदाताओं की ऑनलाइन सुनवाई होनी है। ये अलग बात है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में फिलहाल उस आदेश का क्रियान्वयन नहीं हुआ है।

