नीतिबाग कॉलोनी गैंगवार मामले में सुनवाई टली
जमशेदपुर के नीतिबाग कॉलोनी में दो गिरोहों के बीच हुई फायरिंग के मामले में सोमवार को अदालत में आरोपियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया टल गई। अभियोजन पक्ष ने गवाह की गवाही पेश की है। अगली सुनवाई 16 सितंबर को होगी। घटना में सात लोग घायल हुए थे।

जमशेदपुर। भुइंयाडीह के नीतिबाग कॉलोनी में दो अपराधी गिरोहों के बीच फायरिंग के मामले में सोमवार को एडीजे-3 की अदालत में आरोपियों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई टल गई। अभियोजन पक्ष ने अदालत में गवाह राजा की गवाही की अर्जी दी है। अगली सुनवाई 16 सितंबर निर्धारित की गई है। मामला 29 अप्रैल 2020 की रात का है, जब सुधीर दुबे और कन्हैया सिंह गिरोह के बीच फायरिंग हुई थी। इसमें कन्हैया सिंह, सचिन व विक्रम समेत सात लोग घायल हुए थे। सीतारामडेरा के तत्कालीन थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने मामला दर्ज कर आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया था।
अप्रैल 2023 में आरोप गठन हुआ था। धारा 313 के तहत बयान कलमबद्ध कराने के लिए कन्हैया सिंह, सोमनाथ, अमित शर्मा, आशिष तिवारी व अन्य अदालत में पेश हुए थे।सूचक राकेश कुमार राय उर्फ कल्लू राय के अधिवक्ता गौरव पाठक ने बताया कि राजा पहले से मामले में गवाह हैं। बताया जाता है कि सुधीर दुबे और कन्हैया सिंह पहले अखिलेश सिंह गिरोह से जुड़े थे। फायरिंग से पहले सुधीर दुबे अलग हो गए थे, जिससे दोनों में अदावत हो गई। फोन पर विवाद के बाद कन्हैया सिंह साथियों के साथ सुधीर के ठिकाने पहुंचे थे, जहां कार से उतरते ही फायरिंग हो गई थी। घटना में कारबाइन से गोली चलाने की भी सूचना पुलिस को मिली थी। कन्हैया सिंह ने भी अलग मामला दर्ज कराया है, जिसकी सुनवाई दूसरी अदालत में चल रही है।


