अब चीन से बिजनेस आइडिया सीखेंगे कोल्हान के कारोबारी व उद्यमी
चीन के ग्वांगझोउ में होने वाले व्यापार मेले में जमशेदपुर के कारोबारी नए आइडिया और तकनीक सीखेंगे। 40 सदस्यीय दल 15 से 19 अक्टूबर तक ट्रेड फेयर में शामिल होगा। दल का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों में नई तकनीक और उत्पादन के तरीकों का इस्तेमाल करने के साथ 'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा देना है।

चीन के ग्वांगझोउ में आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े व्यापार मेलों में शामिल होकर जमशेदपुर के कारोबारी और उद्यमी बिजनेस के नए आइडिया और आधुनिक तकनीक सीखेंगे। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 38 सदस्य और दो ट्रैवल कोऑर्डिनेटर समेत 40 लोगों का दल 15 से 19 अक्टूबर तक आयोजित ट्रेड फेयर में शामिल होगा। इनमें 23 व्यवसायी और 15 उद्यमी शामिल हैं। वहां से नई तकनीक और उत्पादन के तरीके सीखकर उन्हें स्थानीय उद्योगों में इस्तेमाल करने और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने की तैयारी है। चीन के ग्वांगझोउ में होने वाला यह मेला मुख्य रूप से एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग पर केंद्रित होगा। इसमें दुनिया भर के कारोबारी और उद्यमी अपने उत्पाद, तकनीक और नए आइडिया प्रदर्शित करेंगे। सिंहभूम चैंबर के दल में महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष उद्योग हर्ष बाकरेवाल, उपाध्यक्ष जनकल्याण अभिषेक अग्रवाल गोल्डी और पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका समेत अन्य व्यवसायी और उद्यमी शामिल हैं。
उद्देश्य
महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि दल का उद्देश्य चीन की कार्यशैली और आधुनिक उत्पादन तकनीक को समझना है। वहां से नई तकनीक सीखकर उसका स्थानीय स्तर पर इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मशीनें भी मंगाई जाएंगी। इससे उत्पादन क्षमता कई गुना बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इसका लाभ पूर्वी सिंहभूम के साथ पूरे झारखंड को मिलेगा और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं की भागीदारी
उन्होंने बताया कि दल में ज्यादातर छोटे और मझोले कारोबारी एवं उद्यमी शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या युवाओं की है। सभी अपने खर्च पर चीन जा रहे हैं, ताकि वैश्विक स्तर पर कारोबार और उत्पादन के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को करीब से समझ सकें।
एआई के इस्तेमाल को भी मिलेगा बढ़ावा
पुनीत कांवटिया ने कहा कि दुनियाभर में कारोबार और उत्पादन के क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। दल यह समझने का प्रयास करेगा कि एआई का किस तरह अधिकतम लाभ लिया जा सकता है। इसका इस्तेमाल कर कम समय और कम संसाधनों में अधिक काम करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।


