खाद्यान्न कर शत-प्रतिशत उठाव नहीं तो ब्लैकलिस्ट होंगे ट्रांसपोर्टर
जमशेदपुर के डीसी राजीव रंजन ने खाद्यान्न उठाव में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को दो दिनों में लंबित खाद्यान्न उठाने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की गई और शत-प्रतिशत उठाव न होने पर ट्रांसपोर्टरों को ब्लैकलिस्ट करने का भी निर्देश दिया गया।

जमशेदपुर। खाद्यान्न उठाव में देरी पर डीसी राजीव रंजन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ट्रांसपोर्टरों को दो दिनों के भीतर लंबित खाद्यान्न का उठाव पूरा करने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में डीसी ने यह निर्देश दिया। बैठक में एफसीआई से खाद्यान्न उठाव, गोदामों तक पहुंचाने और पीडीएस दुकानों तक डोर स्टेप डिलीवरी की समीक्षा की गई। डीसी ने कहा कि 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव नहीं होने पर संबंधित ट्रांसपोर्टरों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। उन्होंने खाद्यान्न की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं करने की बात कही।
गोदाम स्तर पर उठाव, भंडारण या वितरण में गड़बड़ी मिलने पर गोदाम प्रबंधक और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी को ट्रांसपोर्टरों के कार्यों की नियमित निगरानी और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान व अन्य मौजूद रहे।


