टाडा केस में वांछित आतंकवादी गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
जम्मू रेलवे पुलिस ने 1991 में जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर बम विस्फोट में वांछित आतंकवादी अल्ताफ हुसैन शेख को गिरफ्तार किया है। वह पिछले 35 वर्षों से भूमिगत था और फल व्यवसाय कर रहा था। विस्फोट में दो अर्धसैनिक बल के जवानों सहित तीन लोग मारे गए थे। आरोपी को टाडा अदालत में पेश किया गया।

जम्मू, एजेंसी। जम्मू रेलवे पुलिस ने वर्ष 1991 में जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर हुए बम विस्फोट में आतंकवादी एवं विघ्वंसक गतिविधि निरोधक कानून (टाडा) के मामले में वांछित एक भगोड़े को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, रेलवे पुलिस ने नामजद भगोड़े आतंकी अल्ताफ हुसैन शेख को गिरफ्तार किया। वह नजीर अहमद शेख का बेटा और अनंतनाग जिले के बिजबिहारा स्थित मरहामा का रहने वाला है। 35 वर्ष बाद आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान वह भूमिगत हो गया था और पहचान छिपाकर रह रहा था। वह फल व्यवसाय में लगा था। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म- 1 पर हुए इस विस्फोट में दो अर्धसैनिक बल के जवानों सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी और 18 घायल हुए थे।
गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को टाडा अदालत में पेश किया गया।


