कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करें : उमर
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश में कश्मीरी पंडितों को आतंकियों द्वारा दी जा रही धमकियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा बलों से अपील की कि वे इन धमकियों की अनदेखी न करें और कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रशासित प्रदेश में कश्मीरी पंडितों को आतंकियों द्वारा दी जा रही धमकियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा जिम्मा संभाल रहे बलों, अधिकारियों से धमकियों को नजरअंदाज नहीं करने का अनुरोध किया है। अब्दुल्ला ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हाल में घाटी में तैनात कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकियां देने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, ‘हम बार-बार सुनते हैं कि उग्रवाद खत्म हो चुका है। अब कोई आतंकी नहीं बचा है, तो ये धमकियां कहां से आ रही हैं? सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को इन्हें हल्के में नहीं लेना चाहिए।’
उन्होंने धमकियां देने वालों की पहचान, उन पर कार्रवाई और कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा व्यवस्था की मांग उठाई।


