चीन से सामान्य संबंध के लिए सीमा पर स्थिरता जरूरी : जयशंकर

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

::: ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम पैकेज (नोट : इसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और

चीन से सामान्य संबंध के लिए सीमा पर स्थिरता जरूरी : जयशंकर

भारत-चीन संबंधों के लिए सीमा पर स्थिरता जरूरी

नई दिल्ली, एजेंसी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और चीन के संबंध सामान्य बनाने के लिए वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति और स्थिरता जरूरी है। सीमा पर किसी भी तरह की गड़बड़ी का असर दोनों देशों के संबंधों पर पड़ेगा। उन्होंने व्यापार और निवेश बढ़ाने को भी सीमा पर स्थिरता से जोड़ा। ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम’ में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 2024 के बाद से एलएसी पर स्थिति काफी हद तक सामान्य हुई है। इसके अनुरूप दोनों देशों के संबंध भी सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन के बीच कोई तय सीमा नहीं है और यह कोई नया मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि 1975 से 2020 तक 45 साल तक सीमा पर किसी सैनिक की जान नहीं गई थी। इस दौरान दोनों देशों के संबंध आगे बढ़े। लेकिन 2020 में सीमा पर हुई झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों पर इसका गहरा असर पड़ा। उन्होंने कहा कि भारत ने चीन को साफ कर दिया है कि यदि दोनों देशों के बीच व्यापार और बाकी रिश्ते सामान्य होने हैं, तो सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे पहली और अनिवार्य शर्त है।

लद्दाख में रणनीतिक जगहों के नाम पर विवाद

क्यों अहम है विदेश मंत्री का बयान

जयशंकर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब चीन के विदेश मंत्रालय ने लद्दाख में कुछ रणनीतिक जगहों के नाम रखने के भारत के कदम का विरोध किया है। इसके जवाब में भारत के विदेश मंत्रालय ने फिर स्पष्ट किया कि लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। भारत ने 2 अक्टूबर को लद्दाख में 28 रणनीतिक जगहों और भौगोलिक विशेषताओं की आधिकारिक नक्शे पर पहचान की थी। इनमें वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास सीमा पर तनाव वाले प्रमुख बिंदु गोगरा और हॉट स्प्रिंग भी शामिल हैं।

चीन के साथ व्यापार और निवेश पर चर्चा

व्यापार असंतुलन पर चिंता

जयशंकर ने चीन के साथ व्यापार में बड़े असंतुलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन चीन के पक्ष में बहुत ज्यादा झुका हुआ है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां भारतीय कंपनियों ने दुनिया के दूसरे देशों में अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन चीन के बाजार में उन्हें पर्याप्त पहुंच नहीं मिल रही है। भारत का मानना है कि उसने चीन को अपने बाजार में जितने समान अवसर दिए हैं, उतने अवसर भारतीय कंपनियों को चीन में नहीं मिल रहे हैं।

चीनी निवेश पर विचार जारी

यह पूछे जाने पर कि सीमा विवाद से जुड़े कुछ मुद्दों पर शुरुआती समझौता (अर्ली हार्वेस्ट) होने की स्थिति में क्या भारत अधिक चीनी निवेश की अनुमति देगा, जयशंकर ने कहा कि विभिन्न संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारोबार के लिए पूरे सीमा विवाद का समाधान पहले होना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की अपेक्षा केवल इतनी है कि सीमा पर शांति और स्थिरता बनी रहे। व्यापार और बाजार तक पहुंच से जुड़ी नीतियों पर अलग से फैसला किया जाएगा।

रूस और अमेरिका के साथ भारत के संबंध

रूस के लिए भारत प्राकृतिक विकल्प

कार्यक्रम के दौरान विदेश मंत्री ने रूस के साथ भारत के रिश्तों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत पिछले 75-80 वर्षों से रूस का भरोसेमंद और स्थिर साथी रहा है। आज जब पूरी दुनिया बदल चुकी है, तब भारत रूस को यह भरोसा दिला रहा है कि हमारे पारंपरिक रिश्ते पहले की तरह मजबूत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यूरोप से कड़वाहट के बाद रूस के लिए भारत एक प्राकृतिक विकल्प है।

अमेरिका से करार पर मतभेद दूर करने के प्रयास जारी

बातचीत के दौरान जयशंकर ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते पर मतभेद दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वार्ता अब समझौते के करीब पहुंच गई है। दोनों देशों के व्यापार अधिकारी लंबित मुद्दों को सुलझाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि समझौते में भारत को अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में मिलने वाली शर्तें भी अहम होंगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के बुनियादी तत्वों में कोई बदलाव नहीं आया है।

---------------------------------

चीन समेत सभी देशों के साथ कारोबार पर भारत का रुख

चीन समेत सभी देशों के साथ काम करने को तैयार : पीयूष गोयल

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत, चीन के साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, लेकिन इस यात्रा का अंतिम पड़ाव अभी तय नहीं हुआ है। गोयल ने 'ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम' में कहा कि भारत, चीन समेत सभी देशों के साथ कारोबार के लिए तैयार है, बशर्ते शर्तें उचित हों और भू-राजनीतिक स्थिति खराब न हो। उन्होंने कहा कि चीन से निवेश को लेकर भी कुछ मुद्दे हैं और भारत ने भूमि सीमा साझा करने वाले देशों से एफडीआई के नियम सख्त किए हैं। वहीं, गोयल ने यह भी कहा कि भारत तथा अमेरिका के संबंध काफी अच्छे हैं और राजनीतिक विचारधारा में बदलाव के बावजूद इनमें और सुधार ही होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बेहद करीबी संबंध बने हुए हैं और दोनों पक्ष रक्षा अभ्यासों के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति श्रृंखलाओं को खुला रखने जैसे क्षेत्रों में लगातार सहयोग कर रहे हैं। गोयल की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत कर रहे हैं।

----------------------

वैश्विक अनिश्चितता और तकनीकी आपूर्ति श्रृंखला

अमीर देशों के कर्ज से बढ़ेगी वैश्विक अनिश्चितता : वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में कहा कि प्रौद्योगिकी में तेज बदलाव, कृत्रिम मेधा (एआई) और अमीर देशों पर बढ़ते कर्ज से आने वाले वर्षों में वैश्विक अनिश्चितता बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि इसका असर अगले तीन से पांच वर्षों में ज्यादा दिखाई दे सकता है। वैष्णव ने कहा कि वैश्विक प्रौद्योगिकी आपूर्ति श्रृंखलाएं कई देशों में फैली रहेंगी। ऐसे में कंपनियों और सरकारों को साझेदारों की लगातार समीक्षा करनी होगी। किसी एक देश या कंपनी पर अत्यधिक निर्भरता से संकट के समय जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी आपूर्ति श्रृंखला में लागत के साथ भरोसा और साइबर सुरक्षा भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। भारत बाहरी झटकों से अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए घरेलू तकनीकी और आर्थिक क्षमता मजबूत कर रहा है। भारत महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों पर निर्भरता घटाने के लिए 20-25 साल की रणनीति पर भी काम कर रहा है।

---------------------------------

भारत में उपग्रह संचार सेवा की मंजूरी

स्टारलिंक से कुछ दिन पहले मंजूरी मिली तो खुशी होगी

भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि भारत में उपग्रह संचार सेवाओं की मंजूरी के लिए उनका उद्यम यूटेलसैट वनवेब, एलन मस्क की स्टारलिंक से काफी आगे है। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। इसलिए स्टारलिंक से कुछ दिन पहले सेवा शुरू करने की मंजूरी मिले तो उन्हें खुशी होगी। मित्तल ने कहा कि एयरटेल का जमीनी नेटवर्क तीन साल से तैयार है और उपग्रह पांच साल से भारत के ऊपर मौजूद हैं। मगर सेवा शुरू करने की अनुमति अब तक नहीं मिली है। हाल में मस्क ने भारतीय उद्योगपतियों पर स्टारलिंक को रोकने के आरोप लगाए थे। सरकार ने इन्हें खारिज किया था।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦जयशंकर के अनुसार भारत-चीन संबंध सामान्य बनाने के लिए क्या जरूरी है?−
उन्होंने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति और स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsचीन से सामान्य संबंध के लिए सीमा पर स्थिरता जरूरी : जयशंकर