इस्कॉन की रथ यात्रा में भक्ति-संस्कृति का दिखेगा संगम
धनबाद में 16 से 19 जुलाई तक श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव को भव्य रूप दिया गया है। 50 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। रथ यात्रा के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अंत में 19 जुलाई को मेगा यूथ फेस्टिवल का आयोजन होगा।

धनबाद, वरीय संवाददाता। जगजीवन नगर के इस्कॉन की ओर से 16 से 19 जुलाई तक चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में मंगलवार को इस्कॉन धनबाद के अध्यक्ष नामप्रेम दास ने बताया कि इस बार महोत्सव को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भव्य रूप दिया गया है। आयोजन समिति ने चार दिनों में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान जताया। प्रतिदिन 50 हजार श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। गुरुवार को स्टील गेट दुर्गा मंडप (श्री जगन्नाथ अस्पताल के सामने) से स्टील गेट, हीरापुर, रणधीर वर्मा चौक होते हुए गोल्फ ग्राउंड तक रथ यात्रा निकलेगी। इस दौरान सात जगहों पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। पारंपरिक छऊ नृत्य और हरिनाम संकीर्तन आकर्षण के केंद्र होंगे। आईआईटी व बीआईटी के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विशेष ऑटोमेटिक रथ, 200 किलोग्राम की विशाल रस्सी और मार्ग के अनुसार ऊंचाई समायोजित करने वाली तकनीक रथ यात्रा की विशेषता होगी。
गोल्फ ग्राउंड में बनाया जा रहा श्री गुंडीचा टेंपल :
गोल्फ ग्राउंड में विशाल श्री गुंडीचा टेंपल, भव्य पंडाल, आनंद बाजार, रथ परिक्रमा, भागवत प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जगन्नाथ दर्शन का आयोजन होगा। देशभर के कलाकारों के साथ स्थानीय विद्यालय व संस्थानों की प्रस्तुतियां भी होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के श्रद्धालुओं की भागीदारी सामाजिक समरसता का संदेश देगी। रथ के पीछे स्वयंसेवकों की टीम स्वच्छता अभियान चलाएगी।
मेगा यूथ फेस्टिवल में नशा मुक्ति का संदेश:
महोत्सव के अंतिम दिन 19 जुलाई को पांचवें मेगा यूथ फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसके तहत दो हजार से अधिक पंजीकृत युवाओं की सहभागिता होगी, जिसमें नशा मुक्ति अभियान, प्रेरक व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शपथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, एंबुलेंस, सुरक्षा और स्वयंसेवकों की विशेष व्यवस्था होगी। आयोजन में सांसद, विधायक, महापौर, बीसीसीएल, भारतीय रेल के अधिकारी और अन्य गणमान्य शामिल होंगे।


