जेटेट का एडमिट कार्ड जारी, दो घंटे पहले पहुंचे सेंटर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने जेटेट 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा एक नवंबर को होगी और अभ्यर्थी इन्हें आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को अपने गृह जिले में केंद्र नहीं मिलेगा। केंद्र पर एडमिट कार्ड की प्रिंटेड प्रति और मूल फोटो पहचानपत्र लाना अनिवार्य है। रिपोर्टिंग समय से पहले पहुंचें; निर्धारित समय पर गेट बंद होने के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।

धनबाद/ मुख्य संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने जेटेट 2026 परीक्षा का एडमिट कार्ड गुरुवार को जारी कर दिया है। एक नवंबर को होने वाले जेटेट एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in या https://jac.jharkhand.gov.in पर जाएं। परीक्षार्थियों को (गृह जिला) होम डिस्ट्रिक का सेंटर नहीं मिलेगा। इस कारण धनबाद के अधिकतर परीक्षार्थियों की पसंद बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा व रांची जिला है। वहीं धनबाद में 35 हजार से अधिक परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव जैक को भेजा गया था। जैक ने जारी निर्देश में कहा है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर एडमिट कार्ड की प्रिंटेड प्रति के साथ एक मूल वैद्य फोटो पहचानपत्र अवश्य लाना होगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के कम से कम दो घंटे पहले व एडमिट कार्ड पर दर्शाए गए रिपोर्टिंग टाइम से पहले परीक्षा केन्द्र पर रिपोर्ट करना होगा। गेट बंद होने के निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को अपना नीला/ काला बाल प्वाइंट साथ लाना होगा। परीक्षा के दौरान चुने गए भाषा, विषय, श्रेणी य किसी अन्य परीक्षा विकल्प में कोई बदलाव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वीक्षकों की अनुमति के बिना कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष नहीं छोड़ेंगे।

