इटली में 40 साल बाद परमाणु ऊर्जा की वापसी का रास्ता साफ
इटली की संसद के ऊपरी सदन ने एक नए कानून को मंजूरी दी है, जिससे देश में पुनः परमाणु ऊर्जा शुरू की जा सकेगी। यह कदम बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने, अन्य देशों से ऊर्जा पर निर्भरता कम करने और कोयला-गैस जैसे ईंधन का उपयोग घटाने के लक्ष्य से उठाया गया है। हालांकि, वास्तविक बिजली उत्पादन में कई साल लग सकते हैं।

इटली की संसद के ऊपरी सदन सीनेट ने बुधवार को उस कानून को अंतिम मंजूरी दे दी, जिससे देश में दोबारा परमाणु ऊर्जा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया। करीब चार दशक पहले चेरनोबिल परमाणु हादसे के बाद इटली ने परमाणु ऊर्जा का इस्तेमाल बंद कर दिया था। इससे इटली दोबारा परमाणु ऊर्जा से बिजली बनाने की तैयारी कर रहा है। इसका मकसद देश में बढ़ती बिजली की जरूरत को पूरा करना, दूसरे देशों से ऊर्जा खरीदने पर निर्भरता कम करना और कोयला-गैस जैसे ईंधन का इस्तेमाल घटाना है। इसके लिए इटली छोटे और आधुनिक परमाणु रिएक्टर लगाने की योजना बना रहा है।
हालांकि अभी किसी रिएक्टर के निर्माण की मंजूरी नहीं मिली है। फिलहाल सरकार नियम और सुरक्षा व्यवस्था तैयार करेगी, इसलिए वास्तविक बिजली उत्पादन शुरू होने में कई साल लग सकते हैं।सीनेट में इस कानून के पक्ष में 81 वोट पड़े, जबकि 51 सांसदों ने इसके खिलाफ वोट दिया और सात सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। यह प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार के लिए एक बड़ा कदम है। सरकार का उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना और जलवायु से जुड़े लक्ष्यों को पूरा करना है। हालांकि, नए परमाणु रिएक्टरों का निर्माण शुरू होने में अभी कई साल लग सकते हैं।


