निपुण एप सवालों के उत्तर ही गलत सेट होने से निपुण नहीं हो रहे बच्चे
देवरिया में निपुण प्लस मोबाइल एप के जरिए स्कूलों में बच्चों का आकलन किया जाता है। कई बार प्रश्नों के गलत उत्तर सेट होने के कारण बच्चे निपुण नहीं बन पा रहे हैं। इससे विद्यालय संघर्षशील श्रेणी में आ रहे हैं। शिक्षकों ने इस समस्या की शिकायत की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।

देवरिया, हिन्दुस्तान संवाद। निपुण प्लस मोबाइल एप के जरिए हर माह स्कूलों में बच्चों का आकलन किया जाता है। भाषा तथा गणित सहित अन्य विषयों के प्रश्नों का उत्तर देने के बाद ही बच्चे निपुण बनते हैं। कई कक्षाओं में प्रश्नावली के उत्तर ही गलत सेट हो जाने के कारण बच्चे निपुण नहीं हो पा रहे हैं। इससे अधिकांश विद्यालय संघर्षशील की श्रेणी में आ रहे हैं। विकास खंडों में संघर्षशील विद्यालयों की संख्या भी बढ़ रही है। शिक्षकों का दावा है कि सही उत्तर देने के बाद भी बच्चे दक्षताओं को हासिल नहीं कर पा रहे हैं। निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए निपुण लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए निपुण लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अंग्रेजी तथा पर्यावरण अध्ययन को भी शामिल किया गया है। कक्षा एक तथा दो के बच्चों के आकलन के आधार पर ही उन्हें निपुण घोषित किया जाता है। किसी विद्यालय में 80 प्रतिशत छात्रों के निपुण होने पर विद्यालय को निपुण घोषित किया जाता है। इस बार भी विद्यालयों में डीएलएड के छात्रों द्वारा बच्चों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर विद्यालयों के परिणाम जारी होते हैं।
क्या मिली हैं खामियां
कक्षा पांच के गणित में 92856743 में 2 का स्थानीय मान पूछा गया है, जिसका सही उत्तर देने के बाद भी बच्चे निपुण लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। इसी तरह कक्षा पांच में ही 74523861 में 5 का स्थानीय मान सही बताने के बाद भी परिणाम गलत बता रहा है। इसी तरह एक प्रश्न में 4 का स्थानीय मान पूछा गया है, जिसका सही उत्तर देने के बाद भी परिणाम गलत बता रहा है।
और भी हैं दिक्कतें
उच्च प्राथमिक कक्षाओं में पाठ्यक्रम विभाजन के अनुसार प्रश्न नहीं आने से बच्चे उत्तर नहीं दे पा रहे हैं। जिन पाठों को सितंबर या अगस्त के अंत तक पढ़ाया जाना है, उनसे भी प्रश्न पूछे गए हैं। इसके अलावा कई प्रश्नों के विकल्पों में दो उत्तर सही होने के बावजूद ‘उपरोक्त दोनों’ का विकल्प पहले ही दिखा रहा है। इसी तरह सभी विकल्प सही वाले प्रश्नों में ‘उपरोक्त सभी’ का विकल्प भी सही क्रम में नहीं है। ऐसे ही कक्षावार कई सवालों के उत्तर गलत सेट हो जाने के कारण दिक्कत हो रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ बदलाव
शिक्षकों ने विद्या समीक्षा केंद्र पर बाकायदा स्क्रीनशॉट के साथ इसकी शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन अभी तक कोई बदलाव नहीं हो पाया है। इससे निपुण परिणाम प्रभावित हो रहा है।


