खेल : ईशान के दोहरे शतक से पूर्व ने रनों का पहाड़ बनाया

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

शोल्डर : दो दिन तक मोर्चे पर डटे रहे पूर्व क्षेत्र के कप्तान किशन ने

खेल : ईशान के दोहरे शतक से पूर्व ने रनों का पहाड़ बनाया

चेन्नई, एजेंसी। ईशान किशन पहले तिहरे शतक से चूक गए। पर करियर की दूसरी सबसे बड़ी पारी के दौरान उन्होंने सोमवार को रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज दो दिन तक क्रीज पर डटे रहे और 270 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी से पूर्व क्षेत्र ने दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी फाइनल में रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।

ईशान-कुशाग्र की साझेदारी :

पूर्व क्षेत्र ने 708 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए जो उसका इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर है। ईशान ने कुमार कुशग्र (101) के साथ पांचवें विकेट के लिए 230 रन की साझेदारी भी निभाई। फिर अनुकूल रॉय (45) के साथ छठे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी कर टीम की स्थिति और मजबूत की। कुनैन कुरैशी ने 40 और मोहम्मद शमी ने 28 रन का योगदान दिया। पूर्व ने सुबह अपनी पारी 385 पर चार विकेट से आगे बढ़ाई और उसमें 323 और रन जोड़े। चेपॉक स्टेडियम में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह तीसरा मौका है जब किसी टीम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 700 प्लस रन बनाए।

522 मिनट क्रीज पर बिताए :

ईशान ने उमस भरे मौसम में 522 मिनट तक चली अपनी मैराथन पारी के दौरान 30 चौके और सात छक्के जड़े। उनकी मैराथन पारी का अंत स्पिनर टी विजय ने दिन के अंतिम सत्र में किया। विजय की गेंद पर उन्होंने जोरदार शॉट खेला लेकिन गेंद सीधे साइट स्क्रीन के पास खड़े स्मरण के हाथों में चली गई। खेल खत्म होने से कुछ मिनट पहले मुकेश के रूप में पूर्व क्षेत्र का आखिरी विकेट गिरा। दिन का आकर्षण ईशान की पारी रही जिसे तीन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की मौजूदगी में खेला गया। उन्होंने टेस्ट टीम में भी अपना दावा पेश किया।

थकान के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए :

किशन 250 रन के स्कोर पर थकान के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे। 130.2 ओवर में एक रन लेने के बाद वे काफी थके हुए नजर आए। इसके बाद फिजियो ने मैदान पर आकर उनसे बातचीत की। उसके बाद ईशान पवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर पांच विकेट पर 611 रन था। टीम का सातवां विकेट गिरने के बाद वह दोबारा मैदान पर लौटे और पारी को आगे बढ़ाया।

पेट में लगी गेंद :

ईशान को सिर्फ एक बार असहजता महसूस हुई। तब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सीवी मिलिंद की गेंद उनके पेट पर लगी और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी। दोहरा शतक पूरा करने के बाद किशन ने आक्रामक रुख दिखाया। उन्होंने 200 से 250 रन तक पहुंचने के लिए सिर्फ 31 गेंद खेलीं। पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी पुल और ड्राइव उनके रन बनाने वाले मुख्य शॉट रहे और इन शॉट से उन्होंने 22 चौके लगाए।

सिराज ने किया निराश :

लगातार दूसरे दिन दक्षिण क्षेत्र के मुख्य तेज गेंदबाज सिराज कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। सपाट पिच और उच्च स्तर की बल्लेबाजी के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर नजर आई। उन्होंने 25 ओवर में 140 रन लुटाए पर कोई विकेट नहीं चटका पाए।

-----------

किशन 65 साल में पहले विकेटकीपर

ईशान टूर्नामेंट के 65 साल के इतिहास में फाइनल में 200 प्लस का स्कोर करने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इससे पहले दिनेश कार्तिक ने 2010 में दक्षिण क्षेत्र से खेलते हुए पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ 183 रन की पारी खेली थी। यही नहीं वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले विकेटकीपर कप्तान भी हैं।

फाइनल में दोहरा शतक जड़ने वाले सातवें खिलाड़ी

ईशान टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल में दोहरा शतक या उससे अधिक स्कोर करने वाले सातवें बल्लेबाज हैं। वह रमन लांबा (320 रन, 1987-88), यशस्वी जायसवाल (265 रन, 2022-23), चेतेश्वर पुजारा (256 नाबाद रन, 2016-17), अंशुमन गायकवाड़ (216 रन, 1987-88), यूसुफ पठान (210 नाबाद रन, 2009-10) और मंसूर अली खान पटौदी (200 रन, 1967-68) के क्लब में शामिल हो गए।

30 साल में पहले

ईशान पिछले 30 साल में दलीप ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ने वाले पूर्व क्षेत्र के पहले जबकि कुल तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले अरुण लाल (1986-87) ने दो जबकि सबा करीम (1995-96) ने एक बार यह मुकाम हासिल किया था। वहीं यह पूर्व क्षेत्र के किसी खिलाड़ी का फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले ऋद्धिमान साहा ने 2012 में मध्य क्षेत्र के खिलाफ 170 रन की पारी खेली थी।

---------------------

फाइनल में 250 स्कोर करने बाले बल्लेबाज

खिलाड़ी स्कोर वर्ष

रमन लांबा 320 1987-88

ईशान किशन 270 2026-27

यशस्वी 265 2022-23

पुजारा 256 2016-17

------------------------

फाइनल के चार बड़े टीम स्कोर

रन टीम बनाम वर्ष

868 उत्तर क्षेत्र पश्चिम क्षेत्र 1987

740 दक्षिण क्षेत्र पश्चिम क्षेत्र 1986

729 उत्तर क्षेत्र पश्चिम क्षेत्र 1991

708 पूर्व क्षेत्र दक्षिण क्षेत्र 2026

-------------------------------

----------------------------

नंबर गेम

-270 रन की पारी खेली ईशान ने 334 गेंदों में 30 चौकों और सात छक्कों की मदद से

-230 रन की साझेदारी कुशग्रा के साथ पांचवें विकेट के लिए निभाई ईशान ने 287 गेंदों में

-2 दोहरे शतक ईशान ने लगाए हैं प्रथम श्रेणी क्रिकेट में। इससे पहले रणजी में 273 रन बनाए थे

---------------------

सवाल और जवाब

✦ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में कितने रन बनाए?−
ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में 270 रन बनाए।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsखेल : ईशान के दोहरे शतक से पूर्व ने रनों का पहाड़ बनाया