केन्या में निकाली गई रथ यात्रा पर जयशंकर से दखल की मांग
हाल ही में केन्या में इस्कॉन द्वारा आयोजित रथ यात्रा में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के शामिल होने से ओडिशा में भगवान जगन्नाथ के भक्तों में नाराजगी फैल गई। सुदर्शन पटनायक ने विदेश मंत्री से रथ यात्रा समारोहों में भागीदारी को लेकर सिफारिशें की हैं। पुरी के राजा ने भी इस्कॉन के अनुरोध पर चिंता व्यक्त की।

भुवनेश्वर, एजेंसी। हाल ही में केन्या में इस्कॉन द्वारा आयोजित रथ यात्रा में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों के शामिल होने से ओडिशा में भगवान जगन्नाथ के भक्तों में नाराजगी फैल गई। पद्म श्री पुरस्कार विजेता और सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आग्रह किया कि वे भारतीय राजदूतों और राजनयिकों को सलाह दें कि वे केवल उन्हीं रथ यात्रा समारोहों में भाग लें जो पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर की तारीखों और रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने केन्या में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की भागीदारी पर भी चिंता व्यक्त की, जिन्होंने कथित तौर पर जुलूस के दौरान रथ खींचा और मिशन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्यक्रम के बारे में पोस्ट शेयर किए।
उन्होंने कहा कि रथ यात्रा सदियों पुरानी जगन्नाथ परंपरा का एक अभिन्न अंग है और इसे निर्धारित धार्मिक कैलेंडर के अनुसार ही मनाया जाना चाहिए।इस बीच, पुरी के राजा गजपति महाराज दिव्यसिंह देब ने कहा कि इस्कॉन द्वारा मंदिर की परंपराओं के अनुसार तय तारीखों पर विदेश में रथ यात्रा समारोह आयोजित करने के अनुरोध को अस्वीकार करने के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन कमेटी (एसजेटीएमसी) से दखल की मांग करेगा।


