तय समय सीमा में करें जमरानी बांध का निर्माण : सतपाल महाराज
हल्द्वानी में सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने जमरानी बांध निर्माण के लिए तेजी लाने और गुणवत्ता पर ध्यान देने का निर्देश दिया। बांध से बाढ़ नियंत्रण, नदी प्रवाह प्रबंधन और क्षेत्र में कृषि तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना 57,066 हेक्टेयर खेतों को सिंचित करने के साथ हल्द्वानी के पेयजल संकट का समाधान भी करेगी।

हल्द्वानी। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने जमरानी बांध का निर्माण तय समय सीमा में करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को निर्माणाधीन बांध के निरीक्षण को पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने को कहा गया। गौला नदी के अपस्ट्रीम में बनाए जा रहे जमरानी बांध का निरीक्षण कर सतपाल महाराज ने कहा कि बांध बनने से मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण और नदी के प्रवाह को नियंत्रित में मदद मिलेगी। साथ ही जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के साथ ही उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों की लगभग 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी।
वहीं हर साल 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल मिलने से हल्द्वानी के पेयजल संकट का समाधान होगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्माण कार्य तेज गति से करने के निर्देश दिए। जिससे बांध का निर्माण तय समय सीमा में किया जा सके। सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र, जमरानी बांध परियोजना के उपमहा प्रबंधक बीबी जोशी सहित अन्य अभियंता और कार्मिक मौजूद रहे।

