तैयारी: कर्ज के साथ बीमा बेचने का खेल होगा खत्म
बीमा नियामक इरडा ने बीमा बिक्री और वितरण व्यवस्था में बदलाव के लिए व्यापक प्रस्ताव पेश किए हैं। इनमें गलत तरीके से बीमा बेचने पर रोक, प्रोत्साहन देने पर रोक, और पॉलिसी बेचने वाले की पहचान जोड़ने जैसे उपाय शामिल हैं। शेयर बाजार में इन प्रस्तावों के प्रति तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।

नई दिल्ली, एजेंसी। बीमा नियामक इरडा ने बीमा की बिक्री और वितरण व्यवस्था में बदलाव के लिए व्यापक प्रस्ताव पेश किए हैं। बीमा नियामक ने गलत तरीके से बीमा बेचने पर रोक के लिए कई उपाय सुझाए हैं। इसके तहत बैंक और एनबीएफसी कर्मचारियों को बीमा बिक्री के लिए मात्रा या रिवॉर्ड आधारित प्रोत्साहन देने पर रोक का प्रस्ताव है। गौरतलब है कि कई बैंक कर्ज लेने वाले ग्राहक को जबरन बीमा पॉलिसी बेच देते हैं। इरडा ने पॉलिसी बेचने वाले व्यक्ति की पहचान को पॉलिसी से जोड़ने और भ्रामक बिक्री के मामलों की जानकारी सार्वजनिक करने की बात भी कही है। गलत बिक्री साबित होने पर कमीशन वापस लेने का प्रावधान प्रस्तावित है।
प्रस्ताव का विवरण
प्रस्ताव के तहत बीमा कंपनियों और बड़े वितरण संस्थानों को अपनी कमीशन नीति और ढांचे की जानकारी आसान भाषा में देनी होगी। कुछ वाणिज्यिक बीमा उत्पादों में भी कमीशन से जुड़ी जानकारी साझा करने का प्रस्ताव है। कमीशन की सीमा पॉलिसी के प्रकार, वितरण माध्यम और उत्पाद की जटिलता के आधार पर तय की जा सकती है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग
इसके अलावा बीमा खरीदने और सेवा से जुड़े कामों के लिए बीमा सुगम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है। बुधवार रात को जारी प्रस्ताव अभी अंतिम नहीं हैं और इरडा ने हितधारकों से 25 अक्टूबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं।
सख्त प्रस्तावों से बाजार फिसले
इरडा के प्रस्तावों को लेकर शेयर बाजार में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। बैंक, वित्तीय संस्थानों और बीमा कंपनियों में निवेश करने वालों ने जोरदार बिकवाली की जिससे सेंसेक्स 1247 अंक और निफ्टी 383 अंक टूट गया।

