तेल संकट से समुद्री कारोबार बेहाल, माल ढुलाई 73 फीसदी महंगी
- भारत तक कच्चा तेल आने की लागत 10 गुना बढ़ी नोट: कृपया मिंट

नई दिल्ली, एजेंसी। जब अमेरिका-इजरायल ने फरवरी के अंत में ईरान पर हमले शुरू किए तो विश्लेषकों ने अनुमान लगाया था कि कच्चे तेल की कीमतें जल्द ही 200 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच सकती हैं। हालांकि, अब तक ऐसा नहीं हुआ है। इसका मतलब यह नहीं है कि तेल संकट खत्म हो गया है। संकट धीरे-धीरे गहराता जा रहा है और इसका असर समुद्री माल ढुलाई यानी शिपिंग उद्योग पर भी पड़ने लगा है। समुद्र के रास्ते सामान पहुंचाने की लागत बढ़ रही है, जिससे पूरी दुनिया के व्यापार पर असर पड़ सकता है:
होर्मुज में बढ़ा खतरा और ढुलाई लागत
होर्मुज जलडमरूमध्य में खतरा बढ़ा
सबसे बड़ी चिंता होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति करने वाले जहाजों को लेकर है। युद्ध के खतरे के कारण जहाजों से माल ढुलाई की लागत में भारी उछाल आया है। समुद्री आंकड़ों और शोध से जुड़ी कंपनी क्लार्कसन्स रिसर्च के अनुसार, पश्चिम एशिया से 1,000 बैरल तेल को भारत के पश्चिमी तट तक पहुंचाने औसत लागत 2022 से 2025 के दौरान 0.5 से 0.6 डॉलर प्रति मील थी। यह लागत जून 2026 में बढ़कर 3.4 डॉलर प्रति मील और अगस्त 2026 में 5.1 डॉलर प्रति मील हो गई। यह पिछले वर्षों के औसत से करीब 8 से 10 गुना ज्यादा है। संघर्ष बढ़ने के बाद भारत में समुद्री माल ढुलाई की लागत दो सप्ताह के भीतर दोगुने से भी ज्यादा हो गई।
जहाज मालिकों की कमाई में उछाल
समुद्र में खतरा भी, कमाई भी
माल ढुलाई की दरों में उछाल से जहाज मालिकों की कमाई बढ़ गई है। पश्चिम एशिया से चीन तक तेल पहुंचाने से होने वाली कमाई अब करीब 12 लाख डॉलर प्रतिदिन हो गई है। अगस्त की शुरुआत में यह लगभग 4.8 लाख डॉलर प्रतिदिन थी। बढ़ी कीमतों के कारण शिपिंग कंपनियां अधिक जोखिम उठाने के लिए भी तैयार हैं।
कंटेनर और अन्य सामानों की ढुलाई महंगी
कंटेनर से सामान भेजना भी महंगा हुआ
तेल टैंकरों तक सीमित यह संकट अब दूसरे सामानों की ढुलाई को भी प्रभावित कर रहा है। कंटेनरों में तैयार उत्पादों और अन्य वस्तुओं को भेजने की लागत में भी तेजी आई है। शिपिंग कंटेनर की वैश्विक लागत युद्ध शुरू होने के बाद से 73 फीसदी बढ़ चुकी है। ढुलाई महंगी होने की बड़ी वजह जहाजों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की कीमतों में वृद्धि है।
खाद्यान्न और कच्चे माल की ढुलाई पर असर
खाद्यान्न और कच्चे माल की ढुलाई भी महंगी
समुद्र के रास्ते लौह अयस्क और अनाज जैसे कच्चे माल की ढुलाई की लागत भी बढ़ गई है। इसके लिए इस्तेमाल होने वाला प्रमुख मानक ‘बाल्टिक ड्राई इंडेक्स’ ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से करीब 50 फीसदी बढ़ चुका है। हालांकि, ढुलाई की कीमतें बढ़ने के पीछे रूस-यूक्रेन युद्ध भी है। व्यापार से जुड़े आंकड़ों पर नजर रखने वाली कंपनी केप्लर का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह में होर्मुज से कच्चे तेल का निर्यात बढ़ा है, लेकिन बाजार की स्थिति अभी सामान्य नहीं है।

