आईपीएस के इस्तीफे का फर्जी वीडियो हो रहा वायरल
दिल्ली पुलिस में तैनात आईपीएस अधिकारी सुमित झा का फर्जी वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें छात्रों के समर्थन में इस्तीफा देने का दावा किया गया है। असली वीडियो में उन्होंने पाकिस्तान द्वारा फैलायी जा रही गलत जानकारी के खिलाफ चेतावनी दी थी। दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि की और इसे फर्जी बताया।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली पुलिस में तैनात आईपीएस अधिकारी सुमित झा का एक फर्जी वीडियो कई दिनों से वायरल किया जा रहा है। डीपफेक से तैयार इस वीडियो में दिखाया गया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। बीते एक सप्ताह में इस वीडियो को लाखों बार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा चुका है। लेकिन वास्तव में यह वीडियो फर्जी है। बीते 23 जुलाई को बनाए गए असली वीडियो में उन्होंने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान द्वारा फैलाई रही झूठी जानकारी से जनता को अवगत कराया था। लेकिन किसी ने दो दिन बाद उनका ही फर्जी वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जानकारी के अनुसार बीते 23 जुलाई को प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस की तरफ से आईपीएस अधिकारी सुमित झा ने एक वीडियो बनाया, जिसे दिल्ली पुलिस के ट्वीटर हैंडल से पोस्ट किया गया था। इसमें उन्होंने बताया था कि सोशल मीडिया में भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। पुलिस द्वारा उस समय तक 400 से ज्यादा पाकिस्तानी हैंडल चिन्हित किए गए थे, जिनसे गलत जानकारी फैलाई जा रही थी। पुलिस द्वारा उनको ब्लॉक कराया जा रहा था। उन्होंने अपने वीडियो में कहा था कि यह वही हैंडल हैं जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान झूठी जानकारी फैलाने में सक्रिय थे। उनका मकसद लोगों को भड़काना और खासतौर से छात्रों को भटकाना है।
फर्जी वीडियो के खिलाफ चेतावनी
अधिकारी ने वीडियो के माध्यम से लोगों से अनुरोध किया था कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के फर्जी पोस्ट के बहकावे में न आए। इस तरह के फर्जी वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना आपका अधिकार है और दिल्ली पुलिस इस का सम्मान करती है। इस वीडियो के दो दिन बाद ही 25 जुलाई को सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो का डीपफेक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें बच्चों के समर्थन में आईपीएस अधिकारी द्वारा इस्तीफा देने की बात कही गई थी। दिल्ली पुलिस द्वारा बीते 26 जुलाई को अपने ट्वीटर हैंडल से इसके फर्जी होने की जानकारी साझा की गई थी। लेकिन इसके बावजूद यह वीडियो लगातार साझा की जा रही है।
पाकिस्तानी हैंडल से पोस्ट हुआ पहला वीडियो
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बीते 25 जुलाई को आईपीएस अधिकारी का डीपफेक वीडियो सबसे पहले पाकिस्तानी हैंडल से पोस्ट किया गया था। इसके बाद यह भारत में फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर, यूट्यूब आदि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अभी तक दिल्ली पुलिस द्वारा 100 से ज्यादा वीडियो हटवाई जा चुकी है जबकि अन्य वीडियो को हटवाने के लिए लगातार जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से साझा की जा रही है।
केन्द्रीय मंत्री का भी बना फर्जी वीडियो
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान ही केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल का भी डीपफेक वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। केन्द्रीय मंत्री को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नई दिल्ली जिला पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कौन है आईपीएस अधिकारी सुमित झा
सुमित झा एजीएमयूटी (अरुणाचल, गोवा, मिजोरम एवं केन्द्र शाषित प्रदेश) कैडर के 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात रहे हैं। फिलहाल वह पुलिस आयुक्त कार्यलय में डीसीपी के पद पर कार्यरत हैं।


